बेगूसराय, 26 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
पटना के एक होटल में बेगूसराय की छात्रा के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटना को लेकर भाकपा माले, आइसा और ऐपवा ने संयुक्त रूप से विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार पर महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा में विफल रहने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर आक्रोश जताया।

कमलेश्वरी भवन से निकाला गया विरोध मार्च: भाकपा माले जिला कार्यालय कमलेश्वरी भवन से झंडा-बैनर और मुख्यमंत्री के पुतले के साथ विरोध मार्च निकाला गया। यह मार्च शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए समाहरणालय द्वार पहुंचा, जहां सभा आयोजित की गई।
“सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही” : दिवाकर प्रसाद: सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव दिवाकर प्रसाद ने कहा कि पटना के होटल में बेगूसराय की छात्रा के साथ हुई घटना बेहद शर्मनाक और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यदि छात्रा के पिता की नींद समय पर नहीं खुलती तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। उन्होंने पीड़ित छात्रा और उसके पिता के साहस की सराहना करते हुए कहा कि दोनों ने वीडियो जारी कर अपनी आपबीती बताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रा को जबरन दूसरी जगह ले जाकर गंभीर घटना को अंजाम देने की कोशिश की गई। दिवाकर प्रसाद ने होटल मालिक की तत्काल गिरफ्तारी, कठोर सजा और होटल पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार को मिल रही धमकियों का उल्लेख करते हुए सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने रूपसपुर थानाध्यक्ष को बर्खास्त करने की भी मांग उठाई।
“महिला सुरक्षा में पूरी तरह विफल है सरकार: ”भाकपा माले नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में अपराधियों और पुलिस का गठजोड़ बढ़ा है, जिसके कारण महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ यौन हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। वक्ताओं ने कहा कि बिहार में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है तथा सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में विफल साबित हो रही है।
गिरिराज सिंह की चुप्पी पर भी उठाए सवाल: पार्टी के वरिष्ठ नेता कामरेड नवलकिशोर ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद भाजपा सांसद गिरिराज सिंह की चुप्पी सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता समाज में साम्प्रदायिक तनाव फैलाने की राजनीति करते हैं, लेकिन बेटियों की सुरक्षा के मुद्दे पर मौन रहते हैं। उन्होंने वाम एवं लोकतांत्रिक ताकतों से सड़कों पर उतरकर न्याय और सुरक्षा की लड़ाई तेज करने की अपील की।कार्यक्रम में चन्द्रदेव वर्मा, किरण देवी, सुशीला देवी, सोनू फर्नाज, विशाल, राजेश श्रीवास्तव, इन्द्रदेव राम, संजय ठाकुर, रामकुमार तांती, गजेंद्र पंडित, हिमांशु, उत्कर्ष, सुमित, आर्यन, आयुष, अभिषेक, चिंटू, जयजयराम पासवान और कलदेव पासवान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।अंत में प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर इस्तीफे की मांग की।







Total views : 87890