बेगूसराय, 16 मार्च 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
आगामी ईद-उल-फितर और चैती छठ पर्व को लेकर बेगूसराय समाहरणालय में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में पर्व के दौरान जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने, राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष जांच अभियान चलाने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की बात कही गई।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि ईद के मौके पर मस्जिदों और गांधी स्टेडियम में बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने पहुंचते हैं। इसे देखते हुए सभी संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही नगर निगम को शहर और गांधी स्टेडियम में विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने कहा कि ईद-उल-फितर और चैती छठ जैसे पवित्र पर्वों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी और किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।







Total views : 74733