बेगूसराय। 24 फ़रवरी 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
होली पर्व के अवसर पर प्रवासियों के बीच एचआईवी/एड्स की रोकथाम और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राज्यभर में इंटेंसिफाइड हेल्थ कैंप अभियान की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में मंगलवार को बेगूसराय रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में प्रवासियों ने जांच कराई।

10 मार्च तक 15 शिविरों का लक्ष्य: शिविर का उद्घाटन करते हुए सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि बेगूसराय जिले में 10 मार्च तक कुल 15 स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में प्रवासी मजदूरों, उच्च जोखिम समूहों तथा हार्ड टू रीच एरिया के लोगों को कवर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान 95:95:99 के लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
रोडमैप की दी गई जानकारी: जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. राजू कुमार ने कार्यक्रम के रोडमैप और कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक जांच और परामर्श सेवाएं पहुंचाई जाएंगी, ताकि संक्रमण की पहचान और समय पर उपचार संभव हो सके।
विभिन्न इकाइयों का रहा सक्रिय योगदान: इस अभियान में सदर अस्पताल स्थित एचआईवी/एड्स नियंत्रण इकाई, बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति द्वारा संचालित लक्षित हस्तक्षेप परियोजना, लिंक वर्कर स्कीम, सीएससी तथा प्रिजन कार्यक्रम की सक्रिय भागीदारी रही। शिविर के दौरान कुल 308 लोगों की एचआईवी और सिफलिस जांच की गई तथा आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया।

अधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने किया संबोधित: शिविर को प्रभारी डीआईएस संतोष कुमार संत और बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति के कार्यपालक निदेशक इ. कौशलेंद्र कुमार ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की सफलता में परियोजना प्रबंधक पौरुष कुमार, परामर्शी अंबिका कुमारी, आउटरीच वर्कर लक्ष्मी देवी, पियर एजुकेटर ममता और रेणु, एलडब्ल्यूएस के सुनील कुमार एवं सुजीत कुमार, सीएससी के राजीव कुमार तथा प्रिजन समन्वयक रवीश कुमार सहित अन्य कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जांच को लेकर किसी प्रकार की झिझक न रखें और समय-समय पर जांच कराकर स्वयं तथा समाज को सुरक्षित रखने में सहयोग करें।







Total views : 71667