बेगूसराय | 09 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ मंत्री, सहकारिता विभाग-सह-पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बिहार सरकार डॉ. प्रमोद कुमार ने शुक्रवार को बेगूसराय जिले का दौरा किया। इस अवसर पर जिले के अधिकारियों द्वारा मंत्री का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया गया।
योजनाओं की विस्तृत समीक्षा: भ्रमण के दौरान मंत्री ने सहकारिता विभाग एवं पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
धान अधिप्राप्ति में किसानों को प्राथमिकता: समीक्षा बैठक में मंत्री ने धान अधिप्राप्ति कार्य में लघु एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता देने का स्पष्ट निर्देश दिया। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को उनकी उपज का भुगतान अनिवार्य रूप से 48 घंटे के भीतर किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानी न हो।
पैक्स और व्यापार मंडलों को सशक्त बनाने पर जोर: मंत्री ने जिले के अक्रियाशील एवं अवक्रमित पैक्स एवं व्यापार मंडलों को पुनः क्रियाशील और सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और इन्हें मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है।
बहुउद्देशीय भूमिका निभाएं पैक्स: मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने निर्देश दिया कि पैक्सों एवं व्यापार मंडलों को केवल अधिप्राप्ति कार्य तक सीमित न रखते हुए उन्हें खाद-उर्वरक वितरण, जन वितरण प्रणाली, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) तथा मुख्यमंत्री हरित कृषि संयंत्र योजना सहित अन्य विभागीय योजनाओं से जोड़ा जाए। इससे उनकी कार्यक्षमता और आय दोनों में वृद्धि होगी।
नई सहकारी समितियों के निबंधन के निर्देश: इसके अतिरिक्त, सभी सहकारिता प्रसार पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रखंडों की भौगोलिक स्थिति एवं स्थानीय आवश्यकता के अनुरूप नई सहकारी समितियों के निबंधन की दिशा में सक्रिय रूप से कार्य करने का निर्देश दिया गया।
ये रहे उपस्थित अधिकारी: इस अवसर पर शंभूसेन, संयुक्त निबंधक, सहयोग समितियां-सह-नोडल पदाधिकारी, प्रभाकर कुमार, संयुक्त निबंधक, भागलपुर प्रमंडल, सत्येन्द्र प्रसाद पाल, जिला सहकारिता पदाधिकारी, बेगूसराय, मिथिलेश कुमार प्रबंध निदेशक बेगूसराय केन्द्रीय सहकारी बैंक सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
👉 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ : यह दौरा किसान हित, सहकारिता सशक्तिकरण और हरित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।





Total views : 75832