बेगूसराय | 7 जनवरी 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिले के बरौनी थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच–31 पर हरपुर ढाला के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने–सामने हुई जोरदार टक्कर में साला–बहनोई समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर रिफाइनरी में ड्यूटी के लिए जा रहे थे।

टक्कर इतनी तेज कि सड़क पर गिर पड़े तीनों युवक: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर होते ही बाइक सवार तीनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा–तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
दो घायलों की हालत गंभीर, पटना रेफर: प्राथमिक उपचार के बाद सुकेश कुमार और हरदेव पासवान की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। वहीं तीसरे घायल प्रमोद कुमार का इलाज सिंघौल स्थित ग्लोकल हॉस्पिटल में जारी है।
घायलों की पहचान: घायलों की पहचान इस प्रकार की गई है—सुकेश कुमार (26), पिता गेंडोरी पासवान, हरदेव पासवान (41), निवासी मिर्जापुर चांद–लदौरा, वार्ड नंबर–14, निंगा पंचायत, बरौनी, प्रमोद कुमार (43), पिता बाबूलाल पासवान, निवासी हसनपुर बड़गांव, वार्ड नंबर–12, जिला समस्तीपुर बताया जा रहा है कि तीनों आपस में पारिवारिक रिश्ते में हैं। प्रमोद कुमार अपने ससुराल में रहकर साले के साथ रिफाइनरी में मजदूरी करता था।
एनएच–31 जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा: हादसे के बाद आक्रोशित मजदूरों और स्थानीय लोगों ने एनएच–31 को जाम कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और लोगों को समझा–बुझाकर स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद जाम हटाया गया और यातायात बहाल हुआ।
पुलिस कर रही मामले की जांच: रिफाइनरी थाना अध्यक्ष ने बताया कि दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कार और बाइक को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
👉 नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ आप तक पहुंचा रहा है हर खबर, पूरी सच्चाई और जिम्मेदारी के साथ।





Total views : 68995










