बेगूसराय | 03 जनवरी 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्रीकांत शास्त्री द्वारा आज बलिया प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रखंड परिसर में जनसुनवाई कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ, जिसमें जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
विभागीय योजनाओं की हुई गहन समीक्षा: निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को अपने-अपने विभागों की योजनाओं की समीक्षा करने का निर्देश दिया। इसके बाद राजस्व, स्वास्थ्य, शिक्षा, पीएचईडी, कल्याण, पशुपालन, पंचायती राज एवं प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की क्रमवार समीक्षा की गई।
राजस्व, स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष फोकस: राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए परिमार्जन पोर्टल पर लंबित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग को सभी स्वास्थ्य उपकेन्द्रों पर चिकित्सकों की प्रतिदिन उपस्थिति सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया। शिक्षा विभाग की समीक्षा में हाई स्कूल बलिया अथवा सदानंदपुर हाई स्कूल को मॉडल विद्यालय बनाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने विस्तृत समीक्षा के बाद अन्य विकल्पों पर विचार करते हुए शीघ्र प्रस्ताव भेजने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया।
नल-जल, एससी/एसटी और पशुपालन योजनाओं की समीक्षा: नल-जल योजना की समीक्षा में तकनीकी कारणों से बंद पड़ी योजनाओं को शीघ्र चालू करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता पीएचईडी को दिया गया। प्रखंड कल्याण पदाधिकारी को एससी/एसटी अधिनियम से जुड़े मामलों में थाना स्तर से समन्वय कर त्वरित निष्पादन का निर्देश मिला। वहीं पशुपालन विभाग की मोबाइल वैन के नियमित भ्रमण की मॉनिटरिंग करने को कहा गया।
जनप्रतिनिधियों व आम जनता से सीधा संवाद: जिला पदाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पंचायत स्तर की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद आयोजित जनसुनवाई में आम लोगों ने राशन कार्ड, भूमि सहित अन्य समस्याओं से जुड़े आवेदन सौंपे, जिन पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सात निश्चय पार्ट-3 की दी गई जानकारी: इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने सात निश्चय पार्ट-3 से संबंधित सभी बिंदुओं की विस्तृत जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी तथा उठाई गई समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, अपर समाहर्ता बेगूसराय, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), सहायक समाहर्ता, सिविल सर्जन, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी बलिया, अंचल अधिकारी बलिया सहित अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।






Total views : 68927










