दिनांक: 20 नवंबर 2025 | स्थान: बेगूसराय। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार, बेगूसराय में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति (DWSC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में स्वच्छता अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा हुई और ‘हमारा शौचालय – हमारा सम्मान’ नामक राज्यव्यापी BCC अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया गया। यह अभियान 19 नवंबर से 31 दिसंबर 2025 तक चलेगा।
SC/ST टोला क्षेत्रों में विशेष जागरूकता का निर्देश : उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि जिन परिवारों के पास शौचालय की सुविधा उपलब्ध नहीं है, विशेष रूप से SC/ST बाहुल्य टोलों में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएं। इसके साथ ही व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालय निर्माण, मरम्मती (Retrofitting), सतत उपयोग और खुले में शौच की प्रथा समाप्त करने हेतु अभियान चलाने का आदेश दिया गया।
गांव–वार्ड स्तर पर गतिविधि कैलेंडर लागू : उन्होंने बताया कि अभियान अवधि में गांव, वार्ड और टोला स्तर पर साप्ताहिक गतिविधि कैलेंडर के अनुसार 👉 सुबह-शाम निगरानी 👉 घर-घर संपर्क 👉 सामूहिक संवाद‘ 👉 गड्ढा खोदो अभियान’ 👉 संध्या चौपाल 👉 विद्यालयों में स्वच्छता कक्षाएँ 👉 आंगनबाड़ी एवं जीविका समूहों के माध्यम से जागरूकता आयोजित किए जाएंगे। 👉 गुरुवार और शनिवार को SC/ST क्षेत्रों में गहन सामुदायिक उत्प्रेरण होगा।
‘रोको-टोको’ और निगरानी समिति का गठन : खुले में शौच वाले स्थानों को चिन्हित कर ‘रोको-टोको अभियान’ चलाया जाएगा।साथ ही प्रत्येक SC/ST टोले में स्थानीय युवाओं और समुदाय नेताओं को शामिल कर निगरानी समिति गठित की जाएगी। जीविका से जुड़े शौचालय-विहीन परिवारों को वित्तीय सहायता योजनाओं से जोड़ने पर विशेष बल रहेगा।
प्रखंडों में नियमित समीक्षा का निर्देश : उप विकास आयुक्त ने कहा कि प्रखंडवार लक्ष्य निर्धारित कर अभियान की नियमित समीक्षा की जाए और सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में BPIU बैठकें कर साप्ताहिक समीक्षा सुनिश्चित करें। सभी प्रखंडों को राज्य कार्यालय को साप्ताहिक प्रतिवेदन भेजना होगा।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही उपस्थिति : बैठक में सिविल सर्जन, जिला सूचना एवं जन संपर्क पदाधिकारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पूजा प्रियतम, DRDA निदेशक विवेक कुमार, LSBA जिला समन्वयक विश्वजीत कुमार सिंह, शशिकांत सिंह, मो. आफताब आलम, बिट्टू कुमार, PHED के कार्यपालक अभियंता, मनरेगा सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देते हुए जिले के हर परिवार को सुरक्षित एवं सम्मानजनक शौचालय से जोड़ने का संकल्प लिया।





Total views : 68998










