बेगूसराय, 09 अक्टूबर 2025। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तहत 10 अक्टूबर से शुरू होने वाले नामांकन को लेकर बेगूसराय जिले में सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के सभी निर्वाची पदाधिकारी ने नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। नामांकन स्थल पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभ्यर्थी अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देश पर सभी नामांकन स्थलों पर दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रत्येक स्थल के आसपास 100 मीटर के क्षेत्र में धारा 163 के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू की गई है। इसके तहत पांच या अधिक व्यक्तियों का एक स्थान पर जमावड़ा, हथियार लेकर प्रवेश या शांति भंग करने की गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशियों को दो शपथ पत्र: 👉 एक आपराधिक रिकॉर्ड और दूसरा संपत्ति विवरण से संबंधित देने होंगे। 👉 राजनीतिक दल से चुनाव लड़ने वालों को पार्टी का चुनाव चिह्न जमा कराना होगा, 👉 जबकि एससी-एसटी उम्मीदवारों के लिए जाति प्रमाणपत्र देना अनिवार्य किया गया है। 👉 सभी नामांकन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।
बेगूसराय जिले के अंतर्गत 👉 141 चेरियाबरियारपुर विधानसभा का नामांकन मझौल अनुमंडल में, 👉 142 बछवाड़ा और 143 तेघड़ा का तेघड़ा अनुमंडल में, 👉 144 मटिहानी और 146 बेगूसराय का बेगूसराय अनुमंडल में, 👉 145 साहेबपुरकमाल का बलिया अनुमंडल में तथा 👉 147 बखरी का नामांकन बखरी अनुमंडल कार्यालय में होगा।
आदर्श आचार संहिता के सख्त पालन के निर्देश : उधर, चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से आदर्श आचार संहिता के सख्त पालन के निर्देश दिए गए हैं। सभी अनुमंडल क्षेत्रों में उड़नदस्ता दल (Flying Squad Team) और स्थिर निगरानी टीम (Static Surveillance Team) गठित की गई हैं, जो लगातार निगरानी अभियान चला रही हैं।
अवैध नकदी जब्त : इसी क्रम में बखरी विधानसभा क्षेत्र से एक लाख रुपये और चेरियाबरियारपुर क्षेत्र से एक लाख बीस हजार रुपये की अवैध नकदी जब्त की गई है। वहीं, 8 अक्टूबर को चलाए गए विशेष जांच अभियान में विभिन्न चेकपोस्टों से लगभग एक लाख छत्तीस हजार रुपये मूल्य की अवैध शराब भी जब्त की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन, अवैध नकदी या शराब के परिवहन जैसी किसी भी गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।






Total views : 75831