
बेगूसराय। 24 मई 2025
बेगूसराय की धरती पर खेलो इंडिया के भव्य व ऐतिहासिक आयोजन को सफलतापूर्वक आयोजित करने के बाद जिला खेल महासंघ के पदाधिकारियों ने बेगूसराय के जिलाधिकारी तुषार सिंगला को शानदार आयोजन के लिए उन्हें बधाई दी। बेगूसराय का नाम राष्ट्रीय पटल पर रौशन करने हेतु साधुवाद दिया। महासंघ के अध्यक्ष सुनील सिंह, महासचिव श्याम नंदन सिंह पन्नालाल, जिला संयोजक मृत्युंजय कुमार वीरेश ने उन्हे संघ की ओर से जिलाधिकारी को प्रतीक चिन्ह व शॉल देकर सम्मानित किया। मृत्युंजय वीरेश ने कहा कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स के अंतर्गत फूटबॉल खेल की मेजबानी बेगूसराय को मिली थी। जिसका आयोजन बेगूसराय के बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप स्टेडियम व यमुना भगत स्टेडियम तेघडा, बरौनी में किया गया था। पूरा आयोजन काफी भव्य और सफल रहा। इस मुलाकात के दौरान जिलाधिकारी तुषार सिंगला ने कहा कि बेगूसराय, प्रतिभाओं की धरती है। यहाँ के खिलाड़ी, विभिन्न खेलो में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बेगूसराय का नाम रौशन कर रहे है। जिला प्रशासन भी जिले में खेल के समन्वित विकास हेतु कई योजनाओं पर कार्य कर रही है। खेल भवन निर्माण की प्रक्रिया भी चल रही है। साथ ही साथ एक राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण पर भी बल दिया गया है। इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश, जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष श्यामनन्दन सिंह पन्नालाल, जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव नन्दु कुमार, यमुना भगत स्टेडियम के संयोजक संजीव कुमार मुन्ना, पूर्व क्रिकेट खिलाडी गौरव कुमार, खेल संयोजक विश्वजीत कुमार, कृष्ण मोहन पप्पु ने संयुक्त रूप से जिला के उप विकास आयुक्त सोमेश माथुर, प्रशिक्षु आईएएस अजय यादव, डीटीओ मनोज कुमार, ओएसडी किशन कुमार को भी प्रतीक चिन्ह व शॉल देकर सम्मानित किया।