
अब फाइनल में झारखंड की टीम ओडिशा की टीम के साथ भिड़ेगी।
महिला वर्ग का फ़ाइनल मुकाबला 13 मई की शाम यमुना भगत स्टेडियम में तमिलनाडु और झारखंड की महिला टीम के बीच होगा।
बेगूसराय। 12 मई, 2025
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 अंतर्गत में बेगूसराय के यमुना भगत स्टेडियम खेल गांव बरौनी में पुरुष वर्ग में झारखंड और मेघालय के बीच दूसरा सेमीफाइनल मैच खेला गया। शुरू से ही दोनों टीमों के बीच कांटे का मुकाबला रहा। एक-एक गोल के लिए दोनों ही टीम आपस में काफी संघर्ष करती दिखी। लेकिन झारखंड ने मैच के शुरुआत में ही बढ़त बना ली थी। झारखंड की टीम ने पहले हाफ में 1 गोल दागे और दूसरे हाफ में भी एक गोल करने मे सफल रही।

झारखंड की टीम से मनीष हेम्ब्रम ने मैच के तीसरे मिनट पर पहला गोल किया। उसके बाद झारखंड की टीम गोल करने में सफल नहीं हो पा रही थी लेकिन दूसरे हॉफ में चांद सिंह लगोरी ने मैच के 68 वे मिनट पर एक और गोल दागा जो झारखंड को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण साबित हुआ। झारखंड के विरुद्ध खेल रही मेघालय की पुरुष टीम कुछ खास खेल नहीं दिखा पाई। मेघालय की टीम पहले हॉफ में गोल का खाता नहीं खोल पाई लेकिन दूसरे हाफ में टीम एक गोल करने में सफल रही।

मेघालय की टीम से बेगनसन नॉनगफ्लांग ने 58 वे मिनट पर पहला और एक मात्र गोल किया। इस तरह झारखंड की टीम ने एक गोल से सेमीफाइनल मैच जीत लिया। अब फाइनल में झारखंड की टीम ओडिशा की टीम के साथ भिड़ेगी। झारखंड के खिलाड़ी मैच जीतने के बाद काफी खुश दिखे। सभी खिलाड़ियों ने एक दूसरे को जीत की बधाइ देकर जीत का जश्न मनाया। 13 मई को महिला वर्ग का फ़ाइनल मुकाबला शाम यमुना भगत स्टेडियम में होगा जहां तमिलनाडु की महिला टीम का मुकाबला झारखंड की महिला टीम से होगा।