
बेगूसराय। 23 अप्रैल 2025
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता अभियान चलाये जाने को लेकर महात्मा गांधी हाई स्कूल बीहट +2 सहित विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रचार प्रसार चालाया गया। कला संस्कृति युवा अधिकारी श्याम सहनी के नेतृत्व में कला संस्कृति युवा विभाग बेगूसराय के द्वारा बाल रंग मंच बीहट की टीम की ओर से यह नुक्कड़ नाटक खेला गया। बता दें कि बेगूसराय में फुटबॉल का महाकुंभ होने जा रहा है। बिहार में पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन हो रहा है। जिसमें फुटबॉल खेल की मेजबानी बेगूसराय कर रहा है। पूरे देश भर के पुरुष और महिला फुटबॉल खिलाड़ियों का महाकुंभ लगेगा। जिसकी तैयारी को लेकर जिला प्रशासन बेगूसराय पूरी तरह से मुस्तैद है। इसकी तैयारी जोर शोर से चल रही है। जिलाधिकारी तुषार सिंगला के मार्गदर्शन में इस फुटबाल महाकुंभ के आयोजन को सफल बनाने के लिए खेल विभाग बेगूसराय हर छोटी से बड़ी बातों का ध्यान रख रहा है। भूमि सुधार उपसमाहर्ता सह उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा बेगूसराय ऐश्वर्य कश्यप ने कहा कि बेगूसराय में इस तरह के राष्ट्रीय खेल का आयोजन पहली बार हो रहा है जो कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। देश भर के खिलाड़ी इस आयोजन में जुटेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 4 मई को खेलो इंडिया यूथ गेम्स, 2025 का पटना में उद्घाटन करेंगे। इस आयोजन के माध्यम से राज्य में खेलों की बुनियादी संरचना को और मजबूत करने तथा युवाओं को राष्ट्र प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।बिहार में पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स, बिहार 2025 का आयोजन हो रहा है। 4 मई से 15 मई तक बिहार के पांच जिलों पटना, नालंदा (राजगीर), गया, भागलपुर और बेगूसराय में खेल महाकुंभ का आयोजन होगा।