27 नवंबर 2026 | बेगूसराय। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय। अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम, बेगूसराय की ओर से जिले के विभिन्न प्रखंडों में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। बखरी, बरौनी, मटिहानी एवं भगवानपुर के विद्यालयों और महिला समुदाय केंद्रों में आयोजित कार्यक्रमों में बाल विवाह के दुष्परिणाम, बालिका शिक्षा, बाल अधिकार एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. अनुजा कुमारी ने कहा कि बाल विवाह बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास में बाधा है। वहीं विजय प्रताप ने समाज के सभी वर्गों से बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक रूप से आगे आने की अपील की।इस अवसर पर क्विज, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, गायन एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया तथा छात्राओं के बीच स्वच्छता किट एवं अल्पाहार वितरित किए गए। कार्यक्रम में राजकुमार सिन्हा, वीणा कुमारी, मणिभूषण मिश्रा, ब्यूटी कुमारी, स्वीटी कुमारी एवं संजीत कुमार सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राएं मौजूद रहीं।





Total views : 119060