बेगूसराय। 21 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में प्रस्तावित दिनकर विश्वविद्यालय को ‘विशिष्ट विश्वविद्यालय एक्ट 2026′ के बजाय बिहार विश्वविद्यालय अधिनियम, 1976 के तहत पारंपरिक विश्वविद्यालय के रूप में स्थापित करने की मांग उठी है। इस संबंध में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (LNMUTA) के अध्यक्ष डॉ. शशि भूषण कुमार एवं महासचिव डॉ. नीलेश कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया है। संघ ने कहा कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जन्मभूमि बेगूसराय में उनके नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना गौरव की बात है। पारंपरिक विश्वविद्यालय के रूप में इसकी स्थापना होने से शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की सेवा शर्तों, विश्वविद्यालय की स्वायत्तता और शैक्षणिक व्यवस्था की निरंतरता बनी रहेगी।
पत्र में सिंडिकेट एवं सीनेट की संरचना में बदलाव से बेगूसराय और खगड़िया के शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, साहित्यकारों एवं शैक्षणिक समुदाय की भागीदारी प्रभावित होने की आशंका भी जताई गई है। संघ ने तिलकामांझी विश्वविद्यालय, भागलपुर और मगध विश्वविद्यालय, बोधगया से मुंगेर, पूर्णिया एवं पाटलिपुत्र विश्वविद्यालयों के गठन का उदाहरण देते हुए दिनकर विश्वविद्यालय को भी इसी परंपरा के अनुरूप स्थापित करने की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि राज्यपाल सचिवालय, उच्च शिक्षा मंत्री, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा निदेशक तथा बेगूसराय एवं खगड़िया क्षेत्र के सांसदों, विधायकों और विधान पार्षदों को भी भेजी गई है।





Total views : 118151