3 दिसंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा भव्य आयोजन, भगवान चित्रगुप्त विश्वविद्यालय निर्माण की योजना का होगा शुभारंभ
दिल्ली। 20 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा (पंजीयन संख्या 2150, नई दिल्ली) एवं चित्रांश चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के संयुक्त तत्वावधान में कायस्थ समाज का अब तक का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक आयोजन वर्ल्ड कायस्थ कॉन्क्लेव-2026 आयोजित होने जा रहा है। आगामी 3 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित प्रतिष्ठित भारत मंडपम में सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक आयोजित होने वाले इस महासम्मेलन में देश-विदेश से 25 हजार से अधिक कायस्थ प्रतिनिधियों के शामिल होने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सात सत्रों में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज की एकजुटता, शैक्षणिक विकास, आर्थिक सशक्तीकरण और सामाजिक भागीदारी को नई दिशा देने की पहल की जाएगी। इसी क्रम में महासभा के एक प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर उन्हें वर्ल्ड कायस्थ कॉन्क्लेव-2026 में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
प्रतिनिधिमंडल में महासभा के राष्ट्रीय संयोजक मनीष श्रीवास्तव, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार सुशील श्रीवास्तव, सलाहकार एवं पूर्व जीएसटी कमिश्नर संजय शरण, समाजसेविका सोनिया सिन्हा, पूर्व लेफ्टिनेंट कर्नल प्रदीप खरे, मीना श्रीवास्तव, आशीष श्रीवास्तव, आशीष रंजन सहित अन्य सदस्य शामिल थे। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि इस महासम्मेलन का एक प्रमुख आकर्षण उत्तर प्रदेश में भव्य भगवान चित्रगुप्त विश्वविद्यालय के निर्माण की कार्ययोजना का विधिवत शुभारंभ होगा। समाज के सहयोग से बनने वाले इस प्रस्तावित परिसर को शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक चेतना और राष्ट्रीय गौरव के केंद्र के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित परिसर में भगवान चित्रगुप्त जी की 125 फीट ऊंची प्रतिमा तथा 151 फीट का विशाल कलम-दवात स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा नेताजी सुभाष चंद्र बोस, देशरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद और युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद की 125 फीट ऊंची ऐतिहासिक प्रतिमा स्थापित करने की भी योजना है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 12 जनवरी 2027, राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के प्रत्येक गांव से विशेष जन-अभियान शुरू करने की तैयारी है। इसका उद्देश्य समाज के लोगों को इस ऐतिहासिक पहल से जोड़ना और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।वहीं, महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि वर्ल्ड कायस्थ कॉन्क्लेव का उद्देश्य कायस्थ समाज की ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक पहचान, प्रतिभा, सामाजिक योगदान और राष्ट्रीय निर्माण में उसकी भूमिका को व्यापक स्तर पर सामने लाना है। आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन केवल एक महासम्मेलन नहीं, बल्कि समाज को संगठित करने, नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने तथा शिक्षा, रोजगार, व्यापार और सामाजिक विकास के क्षेत्र में नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।






Total views : 117919