मिशन एड्स सुरक्षा के प्रथम 95 लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में पहल, HIV एवं सिफलिस की जांच के साथ दिया जा रहा गोपनीय परामर्श
बेगूसराय। 6 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
सिमरिया कल्पवास मेले में श्रद्धालुओं एवं आम लोगों को HIV एवं एड्स के प्रति जागरूक करने तथा समय पर जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष परामर्श सह जांच शिविर संचालित किया जा रहा है। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के सहयोग से बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति (BGJAS) की लक्षित हस्तक्षेप (Targeted Intervention) परियोजना द्वारा संचालित इस शिविर में GPVS LWS परियोजना की भी सक्रिय भागीदारी है।
मिशन एड्स सुरक्षा के प्रथम 95 लक्ष्य के तहत HIV संक्रमित 95 प्रतिशत लोगों की पहचान करने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में BGJAS के कार्यपालक निदेशक इंजी. कौशलेंद्र कुमार ने शिविर का निरीक्षण कर वहां संचालित गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने शिविर में कार्यरत कर्मियों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा शिविर के बेहतर संचालन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
शिविर में दूर-दराज के क्षेत्रों से कल्पवास मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं एवं अन्य लोगों को HIV और सिफलिस के संबंध में जानकारी देने के साथ गोपनीय परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा HIV एवं सिफलिस की जांच, जांच के बाद आवश्यक परामर्श तथा जरूरत के अनुसार दवाओं का वितरण भी किया जा रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य HIV एवं एड्स को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों और संकोच को दूर करना, लोगों को समय पर जांच के लिए प्रेरित करना तथा जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है।
शिविर के सफल संचालन में BGJAS की टीम से रविंद्र (MEA), LWS परियोजना के DRP सुनील कुमार, परामर्शी अंबिका कुमारी, रीता, कविता, उषा सहित अन्य कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
इस अवसर पर BGJAS के कार्यपालक निदेशक इंजी. कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि HIV एवं एड्स के विरुद्ध लड़ाई में जागरूकता, समय पर जांच, सही परामर्श और उपचार तक पहुंच बेहद जरूरी है। सिमरिया कल्पवास मेले जैसे बड़े धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में इस तरह की स्वास्थ्य पहल के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक जरूरी जानकारी और सुविधाएं पहुंचाई जा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के स्वास्थ्य सेवाएं और सही जानकारी पहुंचे। यह शिविर HIV एवं एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वस्थ और संवेदनशील समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।






Total views : 115401