बेगूसराय। 31 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिले में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की रक्षा, भरण-पोषण, स्वास्थ्य सुविधाओं और जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर शनिवार, 31 अक्टूबर को उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में हुई बैठक में माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 के अनुमानित आंकड़ों के अनुसार बेगूसराय जिले की लगभग 38 लाख आबादी में करीब 3 लाख वरिष्ठ नागरिक हैं। इनमें से 2,27,484 लोगों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ मिल रहा है। वहीं, 10,313 वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं तथा बुनियाद केंद्र के माध्यम से 5,013 जरूरतमंद बुजुर्गों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए हैं।
भरण-पोषण के 238 मामलों में 205 का निष्पादन: बैठक में भरण-पोषण अधिकरण के कार्यों की समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि जिले के विभिन्न अनुमंडलों में कुल 238 मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से 205 मामलों का निष्पादन हो चुका है, जबकि 33 मामले अभी लंबित हैं। उप विकास आयुक्त ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया।
वरिष्ठ नागरिकों की शिकायतों पर होगी त्वरित कार्रवाई: वरिष्ठ नागरिकों की सहायता के लिए संचालित एल्डर हेल्पलाइन नंबर 14567 पर मिलने वाली शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए क्षेत्रीय कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके लिए सामाजिक सुरक्षा निदेशालय से पत्राचार कर आवश्यक कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कराने को कहा गया।इसके अलावा सभी थानों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग पंजी संधारित करने और उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
अस्पतालों में बुजुर्गों के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था: स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा में सिविल सर्जन ने बताया कि सदर अस्पताल में वरिष्ठ नागरिकों के लिए पुर्जा निर्माण एवं दवा वितरण का अलग काउंटर उपलब्ध है। उप विकास आयुक्त ने इस व्यवस्था का विस्तार सभी अनुमंडलीय अस्पतालों में करने पर जोर दिया। साथ ही 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण और आयुष्मान कार्ड निर्माण की अद्यतन रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करने को कहा। जरूरतमंद बुजुर्गों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत विशेष शिविर आयोजित करने का निर्देश भी दिया गया।
बैंक कर्मियों को बुजुर्ग पेंशनधारियों के घर जाकर जीवन प्रमाणीकरण करने का सुझाव: बैठक में पेंशनधारियों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। समिति के सदस्य अशोक कुमार सिन्हा ने 1 नवंबर से शुरू होने वाली सरकारी सेवानिवृत्त कर्मचारियों की जीवन प्रमाणीकरण प्रक्रिया के संबंध में सुझाव दिया कि असमर्थ एवं बुजुर्ग पेंशनधारियों को सुविधा देने के लिए बैंक कर्मियों के माध्यम से घर पर ही जीवन प्रमाणीकरण की व्यवस्था की जाए।
वहीं, समिति के सदस्य दिलीप कुमार सिन्हा ने वरिष्ठ नागरिकों की रेल यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए रेलवे स्टेशन पर टिकट बुकिंग हेतु अलग काउंटर की व्यवस्था कराने का सुझाव दिया। इस संबंध में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को अनुरोध भेजने का प्रस्ताव रखा गया।
आधार सीडिंग का काम प्राथमिकता से पूरा करने का निर्देश: बुजुर्गों को पेंशन प्राप्ति और बैंकिंग सुविधाओं में होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को वरिष्ठ नागरिकों के बैंक खातों में आधार सीडिंग का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा गया। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रखंड स्तर पर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में यह भी बताया गया कि जिले में वर्तमान में कोई वृद्धाश्रम संचालित नहीं है। प्रशासन ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मानजनक जीवन, सामाजिक सुरक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर बल दिया।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग नेहा कुमारी, पेंशनर संगम के प्रतिनिधि अशोक कुमार सिन्हा, लोक सेवा संस्थान के प्रतिनिधि घनश्याम चौरसिया तथा सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप कुमार सिन्हा सहित अन्य उपस्थित थे।







Total views : 114132