बेगूसराय। 29 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से NDA समर्थित जनता दल (यू) उम्मीदवार डॉ. घनश्याम राय के चुनाव की तैयारियों को लेकर मंगलवार को बेगूसराय के कंकौल स्थित बी.पी. मंडल सभागार में बैठक हुई। बैठक में NDA के घटक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनावी समन्वय के साथ शिक्षक मतदाताओं से व्यापक संपर्क अभियान चलाने की बात कही।
मतदाता सूची के अध्ययन और घर-घर संपर्क पर जोर:
बैठक की अध्यक्षता JDU जिलाध्यक्ष नंदलाल राय ने की, जबकि संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा ने किया। राष्ट्रीय लोक मोर्चा, लोजपा, हम और भाजपा-जदयू समेत NDA के विभिन्न घटक दलों के नेताओं ने बैठक में भाग लिया।
नंदलाल राय ने कहा कि चुनाव अभियान शालीनता, अनुशासन और लोकतांत्रिक तरीके से चलाया जाएगा। उन्होंने मतदाता सूची का गहन अध्ययन कर शिक्षक मतदाताओं से घर-घर संपर्क स्थापित करने की बात कही। बैठक में सभी प्रखंडों में संगठनात्मक समन्वय के साथ जनसंपर्क अभियान चलाने का संकल्प लिया गया।
शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात:
बैठक में वक्ताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शिक्षा और शिक्षकों के हित में किए गए कार्यों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई। NDA समर्थित उम्मीदवार डॉ. घनश्याम राय ने कहा कि प्रतिनिधित्व का अवसर मिलने पर वे शिक्षकों से जुड़े लंबित, आवश्यक और जनहितकारी मुद्दों को प्राथमिकता से उठाएंगे और उनके समाधान के लिए प्रयास करेंगे।
उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा शिक्षा एवं शिक्षकों के हित में किए जा रहे कार्यों को भी आगे बढ़ाने का प्रयास करने की बात कही।
बैठक में पूर्व विधायक राजकुमार सिंह, पूर्व मेयर संजय सिंह, लोकसभा प्रभारी शिवनंदन सिंह, दरभंगा विधायक ईश्वर मंडल, स्नातक एमएलसी सर्वेश कुमार सहित विभिन्न घटक दलों के जिलाध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।





Total views : 109114