राघव चड्ढा ने TRAI के नए नियमों का किया स्वागत, बोले- 28 दिन की जगह 30 दिन की वैलिडिटी से उपभोक्ताओं को मिलेगी ज्यादा सुविधा
नई दिल्ली। 27 सितम्बर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
मोबाइल फोन के प्रीपेड उपभोक्ताओं के लिए रिचार्ज से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने टेलीकॉम उपभोक्ता संरक्षण नियमों में संशोधन करते हुए 30 दिन की वैलिडिटी वाले रिचार्ज विकल्प और वॉयस-सMS-ओनली प्लान को लेकर नए प्रावधान किए हैं।
नए प्रावधानों के तहत टेलीकॉम कंपनियों को ऐसे वॉयस और SMS-only Special Tariff Vouchers (STVs) उपलब्ध कराने होंगे, जिनकी वैलिडिटी 30 दिन या उससे कम अवधि के अनुरूप हो। इसके अलावा ऐसा विकल्प भी देना होगा, जिसे हर महीने उसी तारीख को दोबारा रिन्यू किया जा सके।
28 दिन के रिचार्ज को लेकर राघव चड्ढा ने उठाया था मुद्दा
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने 27 सितंबर को TRAI के नए नियमों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने संसद में प्रीपेड मोबाइल यूजर्स की उस समस्या को उठाया था, जिसमें कई तथाकथित ‘मंथली’ प्लान 28 दिनों की वैलिडिटी के होते हैं।
चड्ढा के अनुसार, 28 दिन के चक्र के कारण उपभोक्ताओं को साल में 12 महीने के बजाय प्रभावी तौर पर 13 बार रिचार्ज करना पड़ सकता था। उन्होंने 30 दिन की वैलिडिटी वाले प्लान और उन उपभोक्ताओं के लिए वॉयस-only विकल्प की मांग उठाने की बात कही, जिन्हें मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं होती।
जिन्हें इंटरनेट की जरूरत नहीं, उनके लिए भी विकल्प
TRAI के अनुसार वॉयस और SMS-only प्लान उन ग्राहकों के लिए हैं, जिन्हें इंटरनेट डेटा की आवश्यकता नहीं है और वे मुख्य रूप से कॉल तथा SMS के लिए मोबाइल कनेक्शन का इस्तेमाल करते हैं। TRAI के अनुसार ऐसे प्लान पहले से भी उपलब्ध हैं और उनकी वैलिडिटी 365 दिनों तक हो सकती है; नए संशोधन का उद्देश्य इन विकल्पों को और व्यवस्थित एवं विविध बनाना है।
TRAI ने कहा है कि नए प्रावधानों से उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत और आर्थिक क्षमता के अनुसार प्रीपेड प्लान चुनने में अधिक लचीलापन मिलेगा। नियमों में कम अवधि वाले वॉयस-SMS विकल्पों के साथ लंबी वैलिडिटी वाले विकल्प का भी प्रावधान किया गया है।
रिचार्ज की संख्या और खर्च पर क्या असर पड़ेगा?
30 दिन की वैलिडिटी वाला प्लान लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए 12 महीनों में 12 रिचार्ज का चक्र संभव होगा, जबकि 28 दिन की वैलिडिटी वाले प्लान में साल के दौरान अतिरिक्त रिचार्ज की जरूरत पड़ सकती है। हालांकि, अलग-अलग टेलीकॉम कंपनियां इन नियमों के अनुरूप अपने प्लान और कीमतें किस तरह तय करती हैं, यह उनके वास्तविक ऑफर पर निर्भर करेगा।
राघव चड्ढा ने नए प्रावधानों को उपभोक्ताओं के लिए राहत वाला कदम बताते हुए सरकार और TRAI का आभार जताया है।
नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ के लिए खास बात: नए नियमों का वास्तविक लाभ उपभोक्ताओं को तब स्पष्ट रूप से दिखेगा, जब टेलीकॉम कंपनियां संशोधित नियमों के अनुरूप अपने नए रिचार्ज प्लान जारी करें।






Total views : 108560