बेगूसराय। 26 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत 31,030 के लक्ष्य में 30,900 सोलर स्ट्रीट लाइट का अधिष्ठापन पूरा हो चुका है। यानी लक्ष्य का 99.58 प्रतिशत काम पूरा कर लिया गया है।
शनिवार को समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में डीएम रिची पांडेय की अध्यक्षता में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान यह जानकारी दी गई।
ग्रामीण आवास योजनाओं की भी हुई समीक्षा: बैठक में पंचायत सरकार भवन, ई-ग्राम कचहरी, CP GRAM और ग्रामीण आवास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। 18 नई पंचायतों में पंचायत सरकार भवन निर्माण की स्वीकृति प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
निर्मित एवं क्रियाशील पंचायत सरकार भवनों में RTPS सहित अन्य आवश्यक सेवाओं के संचालन की व्यवस्था की जा रही है। विभिन्न पंचायतों में विवाह मंडप निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 2016-17 से 2021-22 चरण में 1,24,585 के लक्ष्य के विरुद्ध 1,23,123 आवास पूरे हो चुके हैं। वहीं आवास प्लस योजना के 45,792 आवासों के लक्ष्य में से 24,414 आवास पूरे हुए हैं।
मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास सहायता योजना में 1,650 के लक्ष्य के विरुद्ध 1,594, जबकि मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना में 1,063 के लक्ष्य में से 978 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।
ई-ग्राम कचहरी में अब तक 2,081 दीवानी एवं फौजदारी मामले दर्ज किए गए हैं। CP GRAM के माध्यम से सड़क, नाला, अतिक्रमण और अन्य जनसमस्याओं से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निष्पादन की भी समीक्षा की गई।
मनरेगा में 3.26 लाख मानव दिवस का सृजन: जुलाई से सितंबर 2026 की तिमाही में 18 प्रखंडों की 217 पंचायतों के लिए मनरेगा के तहत 10,80,840 मानव दिवस सृजन का लक्ष्य है। 25 सितंबर तक 3,26,737 मानव दिवस का सृजन किया जा चुका है। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 8,056 अकुशल श्रमिकों को मनरेगा के माध्यम से रोजगार मिल रहा है।
जिले के 1,68,940 सक्रिय मनरेगा मजदूरों में से 1,46,083 का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है, जो 86.55 प्रतिशत है। डीएम ने शेष मजदूरों का ई-केवाईसी जल्द पूरा कराने और मजदूरी का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज योजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने लंबित आवासों का शीघ्र निष्पादन, निर्माणाधीन आवासों की नियमित निगरानी और योजनाओं में मौजूद गैप को चिह्नित कर दूर करने का निर्देश दिया। बैठक में डीडीसी आकाश चौधरी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पूजा प्रीतम, डीआरडीए निदेशक विवेक कुमार सहित सभी बीडीओ, कार्यक्रम पदाधिकारी और अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।







Total views : 108431