अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयुवर्ग में 22 खेल विधाओं का होगा आयोजन, सरकारी और निजी विद्यालयों के विद्यार्थी ले सकेंगे भाग
बेगूसराय। 25 सितम्बर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना, खेल विभाग बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन 30 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन खेल भवन-सह-व्यायामशाला, गांधी स्टेडियम, इंडोर स्टेडियम, कल्याण केंद्र बरौनी रिफाइनरी टाउनशिप एवं बीपी प्लस-2 विद्यालय, बेगूसराय में होगा।
प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर शुक्रवार, 25 सितंबर को कारगिल विजय सभा भवन में जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजन समिति के सदस्यों की बैठक हुई।
बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि, शारीरिक शिक्षा शिक्षक एवं प्रशिक्षक मौजूद रहे।
22 खेल विधाओं में होगी प्रतियोगिता: जिला पदाधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक अध्ययनरत बालक एवं बालिकाएं भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयुवर्ग के खिलाड़ियों के लिए करीब 22 खेल विधाओं का आयोजन होगा।
इनमें एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, भारोत्तोलन, शतरंज, रग्बी, क्रिकेट, कुश्ती, कराटे, वुशू, योग, टेबल टेनिस, बॉक्सिंग, तीरंदाजी, हॉकी और सेपकटाकरा शामिल हैं।
27 सितंबर तक निबंधन अनिवार्य: प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों का निबंधन अनिवार्य किया गया है। खिलाड़ियों द्वारा व्यक्तिगत रूप से योग्यता प्रमाण पत्र खेल कार्यालय में जमा नहीं किया जाएगा। संबंधित विद्यालय के प्रधान द्वारा शारीरिक शिक्षक अथवा प्रभारी शिक्षक के माध्यम से प्रतिभागियों की सूची एवं आवश्यक प्रमाण पत्र जिला खेल कार्यालय में उपलब्ध कराना होगा।
सभी प्रतिभागियों का निबंधन प्रमाण पत्र, योग्यता प्रमाण पत्र, फोटो प्रमाणक, पिछले वर्ष का अंक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति, विद्यालय की उपस्थिति पंजी की छायाप्रति तथा सक्षम पदाधिकारी द्वारा निर्गत जन्म प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज तीन प्रतियों में जमा करना होगा। दस्तावेजों को 27 सितंबर 2026 तक कार्यालय उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा, खेल भवन-सह-व्यायामशाला, बेगूसराय में जमा करना अनिवार्य है।
मान्यता प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थी ले सकेंगे हिस्सा:
प्रतियोगिता में बिहार राज्य के मान्यता प्राप्त विद्यालय एवं महाविद्यालय के नियमित छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे। सीबीएसई, आईसीएसई तथा सरकार से मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के विद्यार्थी भी प्रतियोगिता में शामिल हो सकते हैं।
खिलाड़ियों की आयु की गणना सभी आयुवर्गों के लिए 31 दिसंबर 2026 की तिथि के आधार पर की जाएगी। एथलेटिक्स में एक प्रतिभागी अधिकतम तीन विधाओं में हिस्सा ले सकता है। वहीं एथलेटिक्स को छोड़कर अन्य खेलों में कोई खिलाड़ी एक से अधिक खेल विधाओं में भाग नहीं ले सकेगा।
निबंधन पूरी तरह निःशुल्क: जिला प्रशासन ने इसमें अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। प्रशासन के अनुसार खिलाड़ियों का निबंधन पूरी तरह निःशुल्क है।
प्रत्येक विद्यालय के लिए जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता हेतु एक बैनर रखना आवश्यक होगा। विद्यालय की ओर से खिलाड़ियों के खेल, पोशाक, यात्रा व्यय एवं अल्पाहार आदि की व्यवस्था विद्यालय क्रीड़ा कोष अथवा अन्य उपलब्ध मद से की जाएगी।
प्रतियोगिता में विभिन्न खेल दलों के साथ दल प्रबंधक अथवा क्रीड़ा प्रभारी की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक खेल विधा में जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए कम से कम पांच विद्यालयों की सहभागिता अनिवार्य होगी। प्रतियोगिताएं नॉकआउट पद्धति से आयोजित की जाएंगी।
जिला प्रशासन ने सभी विद्यालयों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों का निबंधन कराने और प्रतियोगिता में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।






Total views : 108144