बेगूसराय। 23 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
मशाल-2026 प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर खेल भवन-सह-व्यायामशाला, बेगूसराय में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों का तीन दिवसीय गैर आवासीय प्रशिक्षण बुधवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में राज्य स्तर से प्रशिक्षित पांच सदस्यीय टीम, जिला स्तर के 20 मास्टर ट्रेनर और 18 प्रखंडों से दो-दो नोडल शिक्षक शामिल हुए।
खेल विधाओं और बैटरी टेस्ट की दी जानकारी: प्रशिक्षण के दौरान कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स के तहत साइकिलिंग, दौड़ एवं लंबी कूद जैसी विधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले बच्चों का बैटरी टेस्ट कराने की प्रक्रिया का भी प्रशिक्षण दिया गया।
इसके अलावा खिलाड़ियों का मशाल पोर्टल पर ऑनलाइन निबंधन, बैटरी टेस्ट डेटा अपडेट, विद्यालय स्तर पर टीम गठन, एकल खिलाड़ियों एवं टीम की रैंकिंग, संकुल स्तरीय टीम का निर्माण और पोर्टल पर अग्रसारण की प्रक्रिया समझाई गई। विद्यालय प्रोफाइल अपडेट करने और पासवर्ड बदलने का लाइव प्रशिक्षण भी दिया गया।
खेल को बढ़ावा देने पर जोर: प्रशिक्षण के समापन समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, सर्व शिक्षा डीपीओ अनुभव कुमार और एमडीएम डीपीओ मोहम्मद मजहर उपस्थित रहे।
जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि पहले विद्यालयों में खेल तो होते थे, लेकिन खिलाड़ियों को पर्याप्त मंच नहीं मिलता था। अब बिहार सरकार, शिक्षा विभाग और खेल विभाग मिलकर खेलों को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्राथमिक, मध्य एवं उच्च विद्यालयों को खेल सामग्री के लिए क्रमशः 5 हजार, 10 हजार और 25 हजार रुपये की राशि दी जाती है।
सर्व शिक्षा डीपीओ अनुभव कुमार ने मशाल को टैलेंट हंट प्रतियोगिता बताते हुए प्रशिक्षकों से अधिक से अधिक प्रतिभावान बच्चों को इसमें शामिल करने की अपील की। वहीं एमडीएम डीपीओ मोहम्मद मजहर ने खेल के साथ अनुशासन को भी जरूरी बताया।
शारीरिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य अनुदेशक रौशन कुमार राय की अध्यक्षता में तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न हुआ।







Total views : 107677