बेगूसराय। 23 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
आगामी बिहार विधान परिषद निर्वाचन के तहत 05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की तैयारियों को लेकर बुधवार को कारगिल विजय भवन में बैठक हुई। जिला पदाधिकारी रिची पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की गई।
स्नातक और शिक्षक मतदाताओं की स्थिति: जिला प्रशासन के अनुसार, 23 सितंबर 2026 तक बेगूसराय जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 29,222 मतदाता पंजीकृत हैं। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 2,050 मतदाता पंजीकृत हैं। इस तरह दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 31,272 मतदाता हैं।
जिला पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन कार्यक्रम, मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने निर्वाचन को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया।
10 निर्वाचन कोषांगों के माध्यम से होगी तैयारी: राजनीतिक दलों के साथ बैठक के बाद संबंधित वरीय एवं नोडल पदाधिकारियों के साथ भी समीक्षा बैठक हुई। बताया गया कि निर्वाचन कार्यों के संचालन के लिए 10 प्रकार के निर्वाचन कोषांग गठित किए गए हैं।
इनमें कार्मिक प्रबंधन-सह-प्रशिक्षण, मतपत्र एवं मतपेटिका, वाहन एवं सामग्री प्रबंधन, आदर्श आचार संहिता एवं विधि-व्यवस्था, मीडिया, प्रेक्षक प्रबंधन, जिला हेल्पलाइन-सह-आईटी, वीडियोग्राफी/लाइव वेब-कास्टिंग तथा निर्वाचन संचालन एवं अनुश्रवण से जुड़े कोषांग शामिल हैं।
डीएम ने सभी पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का समय-सीमा के भीतर निर्वहन करने और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।बैठक में उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, अपर समाहर्ता विभागीय जांच महेश्वर प्रसाद सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी सौरव कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।






Total views : 107707