बरौनी/तेघरा, 23 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बरौनी और तेघरा क्षेत्र में ई-रिक्शा, ऑटो रिक्शा एवं छोटे वाहनों से बैरियर के नाम पर प्रतिदिन कथित तौर पर ₹300 की वसूली के खिलाफ ऑल वाहन चालक संघ ने विरोध जताया है। सीटू से संबद्ध ऑल वाहन चालक संघ की बरौनी-तेघरा इकाई के तत्वावधान में आरकेसी उच्च विद्यालय परिसर के बाहर प्रतिवाद सभा आयोजित की गई।
सभा को संबोधित करते हुए सीटू के बेगूसराय जिला महासचिव एवं जिला पार्षद अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के कारण बड़ी संख्या में लोग ई-रिक्शा और ऑटो चलाकर स्वरोजगार कर रहे हैं। ऐसे में बैरियर के नाम पर वाहन चालकों से राशि की वसूली उनकी मेहनत की कमाई पर अतिरिक्त बोझ है। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को इस कथित लूट से बचाने के लिए एकजुट होकर संगठित आंदोलन करना होगा।
ऑल वाहन चालक संघ के नेता मुकेश कुमार झा ने कहा कि वाहन चालक न्याय, कानून और संविधान में विश्वास रखने वाले शांतिप्रिय लोग हैं। उन्होंने कथित अवैध बैरियर वसूली बंद नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की बात कही। सभा की अध्यक्षता बरौनी प्रखंड इकाई के अध्यक्ष बबलू ठाकुर ने की, जबकि संचालन प्रखंड सचिव संजय दास ने किया। सभा को मिथिलेश मिश्रा, बबलू ठाकुर, संजय दास, संजय रावत, दासो प्रसाद, चिंटू कुमार, धरमवीर कुमार और मो. आशिक समेत अन्य लोगों ने संबोधित किया।
बैठक के अंत में सर्वसम्मति से 31 अगस्त को सुबह 11 बजे न्यू बरौनी से वाटिका चौक तक ‘अवैध बैरियर वसूली बंद करो’ प्रतिवाद मार्च निकालने का निर्णय लिया गया। आयोजकों ने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।






Total views : 101396











