बेगूसराय। 18 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय के भामाशाह नगर स्थित मारवाड़ी मोहल्ले में 17 अगस्त (सोमवार) देर शाम व्यवसायियों एवं बहुजन समाज के लोगों की बड़ी बैठक आयोजित की गई। विनोद हिसारिया के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में खाद्यान्न व्यवसायी संघ के बिहार प्रदेश अध्यक्ष एवं विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में भामाशाह विचार मंच के प्रदेश अध्यक्ष नरेश साव, उपाध्यक्ष प्रेम शंकर, विनोद हिसारिया और आलोक अग्रवाल मंच पर मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन बेगूसराय खाद्यान्न व्यवसायी संघ के अध्यक्ष राजेंद्र कुमार राजा ने किया।
बैठक के दौरान बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह की ओर से सिमरिया गोलंबर पर राष्ट्रनायक दानवीर भामाशाह की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर जारी अनुशंसा पत्र मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया के समक्ष रखा गया। इसके साथ ही बेगूसराय के सात में से चार विधायकों और एक विधान पार्षद की ओर से ‘भामाशाह सेतु’ नामकरण तथा सिमरिया गोलंबर पर भामाशाह की भव्य आदमकद प्रतिमा स्थापित कर क्षेत्र को ‘गेटवे ऑफ नॉर्थ ईस्ट’ के रूप में विकसित करने संबंधी अनुशंसा पत्र भी सौंपा गया।
बैठक में मौजूद लोगों ने कहा कि बेगूसराय में भामाशाह की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर जनभावना मजबूत है। बहुजन प्रतिनिधियों और व्यवसायियों ने एकमत होकर मांग की कि ‘भामाशाह सेतु’ के नामकरण की घोषणा जल्द की जाए और सिमरिया गोलंबर पर राष्ट्रनायक भामाशाह की प्रतिमा स्थापित की जाए। मांग पूरी नहीं होने पर जिले में आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी गई।मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया ने कहा कि व्यवसायियों और बेगूसरायवासियों की दोनों मांगों को वे मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से रखेंगे।
उन्होंने कहा कि बेगूसराय की जनभावना का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने ‘भामाशाह सेतु’ के नामकरण और सिमरिया गोलंबर पर भामाशाह की प्रतिमा स्थापित करने की मांग को पूरा कराने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम की शुरुआत भामाशाह नगर स्थित भामाशाह चौक पर राष्ट्रभक्त भामाशाह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद लोगों ने रैली के रूप में पैदल मार्च करते हुए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचकर ‘भामाशाह अमर रहे’ के नारे लगाए।
मंच पर अतिथियों का स्वागत मिथिला संस्कृति के अनुरूप अंगवस्त्र एवं पाग पहनाकर किया गया।कार्यक्रम में रणजीत दास, रमेश कुमार साहू, राकेश कुमार, पप्पू चौरसिया, संजय दिवाकर, संजय कुमार नीलू, श्याम बाबा, राम प्रताप साहू, प्रदीप गुप्ता, शशिकांत दास, बूटन सह, प्रभात जी, जोशी कुमार, वकीलदेव साहू, बिट्टू कुमार, पोद्दार जी, डॉ. राजेश कुमार समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सभी ने भामाशाह की प्रतिमा को बेगूसराय के आन, बान और सम्मान से जोड़ते हुए इसके जल्द निर्माण की मांग की।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया के साथ पटना जाकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा और दोनों मांगों को उनके समक्ष रखेगा।






Total views : 100525





















