बेगूसराय। 15 अगस्त 2026। राष्ट्रीय पॉजिटिव न्यूज़
माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल, बेगूसराय एवं किड्जी परिवार में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर किड्जी बेगूसराय एवं किड्जी (HURL) उर्वरक नगर में ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक डॉ. मनीष देवा एवं प्राचार्या डॉ. शीतल अग्रवाल द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। इसके बाद पूरे सम्मान के साथ तिरंगा फहराया गया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के भाव से गूंज उठा।
समारोह में विद्यार्थियों ने भाषण, कविता, संगीत, नृत्य और ताइक्वांडो सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। नन्हे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों के देशभक्ति गीत और नृत्य ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। हिंदी एवं अंग्रेजी भाषणों के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, युवाओं की जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका पर विचार रखे।
ताइक्वांडो प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों की ताइक्वांडो प्रस्तुति रही। बच्चों ने आत्मविश्वास, अनुशासन और साहस का प्रदर्शन करते हुए स्वस्थ शरीर के साथ मजबूत चरित्र के महत्व का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. शीतल अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों को याद करने और देश के लिए बेहतर करने का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी की सोच, अभिव्यक्ति और निर्णय राष्ट्र निर्माण की दिशा तय करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से भारत को सशक्त, सकारात्मक और विकसित देश बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।
विद्यालय के निदेशक डॉ. मनीष देवा ने कहा कि स्वतंत्रता वीरों के त्याग और बलिदान से मिली है। अब मजबूत, शिक्षित और विकसित भारत का निर्माण करना हमारी जिम्मेदारी है। विद्यालय का उद्देश्य केवल अच्छे विद्यार्थी तैयार करना नहीं, बल्कि संवेदनशील, ईमानदार और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है।
समारोह के दौरान तिरंगे के रंगों से सजे विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के उत्साह और देशभक्ति नारों से वातावरण गौरवमय बना रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति में योगदान देने का संकल्प लिया। ‘जय हिंद’ और ‘जय भारत’ के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ।







Total views : 100182





















