बेगूसराय। 12 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय की बेटी मुस्कान कुमारी ने राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर जिले और बिहार का नाम रोशन किया है। मुस्कान ने 7 से 9 अगस्त 2026 तक कोलकाता के चिन्हसुराहा स्थित नेताजी सुभाष स्पोर्ट्स एरीना परिसर में आयोजित राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता 2026 में यह उपलब्धि हासिल की।
जिला कराटे संघ, बेगूसराय के बैनर तले और ट्रेडिशनल कराटे संघ बिहार के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में लोहियानगर निवासी मुस्कान कुमारी, पिता प्रदीप शाह, ने बालिका वर्ग के 16-17 वर्ष आयु वर्ग में अंडर-48 किलोग्राम भार वर्ग में हिस्सा लिया।

जिला कराटे संघ, बेगूसराय के महासचिव सह कोच गोविंद कुमार ने बताया कि मुस्कान ने पहले मुकाबले में हरजोत कौर को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उन्होंने के. श्रुति को पराजित किया। इसके बाद अगले मुकाबले में रिया सिंगला से मुकाबला करते हुए मुस्कान ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के दौरान जिला कराटे संघ के महासचिव सह कोच गोविंद कुमार को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जज के रूप में उनकी भूमिका के लिए 18वें एशियन गेम्स 2018 के प्रथम भारतीय कराटे कोच जयदेव शर्मा एवं ने स्मृति चिह्न एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
मुस्कान की इस उपलब्धि पर ट्रेडिशनल कराटे एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष अमित कुमार, महासचिव कौशल कुमार सिंह एवं प्रबंधक अमित सोनी ने शुभकामनाएं दीं। बेगूसराय लौटने पर जिला कराटे संघ के अध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह, डायनेमिक एनजीओ की अध्यक्ष शीला देवी एवं अचीवर्स एनजीओ के सचिव गोपाल ने खिलाड़ियों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया।
मुस्कान की इस सफलता से जिले के खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है। उनकी उपलब्धि ने न सिर्फ बेगूसराय बल्कि पूरे बिहार के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया है।






Total views : 99748