बेगूसराय। 27 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
छात्रों के अधिकार, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “छात्रों की गूँज” अभियान के तहत आगामी 2 अगस्त को बेगूसराय में मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इसकी घोषणा रविवार को शहर के एक निजी सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान की गई। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं बेगूसराय जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष शिवप्रकाश गरीब दास तथा शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं ‘छात्रों की गूँज’ अभियान के जिला संयोजक अभिषेक सिंह ने बताया कि यह मैराथन एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार के नेतृत्व में आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य छात्रों और युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाना तथा शिक्षा एवं रोजगार के मुद्दों पर जनजागरण करना है।
शिवप्रकाश गरीब दास ने कहा कि यह मैराथन युवाओं की एकजुटता और उनके अधिकारों की आवाज़ को बुलंद करने का माध्यम बनेगी। वहीं अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के छात्र-छात्राएं, युवा, शिक्षक एवं आम नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और अधिक से अधिक लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की गई है। मैराथन दौड़ 2 अगस्त को सुबह 5 बजे जीडी कॉलेज से शुरू होगी। यह हरहर महादेव चौक और सिंघौल होते हुए यू-टर्न लेकर पुनः जीडी कॉलेज परिसर में समाप्त होगी। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को ₹21,000, द्वितीय स्थान पर ₹15,000 तथा तृतीय स्थान पर ₹11,000 की नकद पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा शीर्ष 10 धावक एवं धाविकाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन पंजीकरण के साथ-साथ बेगूसराय के विभिन्न फिजिकल एकेडमी से ऑफलाइन आवेदन पत्र भी प्राप्त कर सकते हैं। प्रेस वार्ता के दौरान आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी एकेडमी संचालकों को दी गई। इस अवसर पर रौशन, रूपेश, शिव, फूलचंद, सुनील, रामाशीष, सोनू, रणवीर, बिट्टू, भगत, दीपक, आदित्य, पल्लू, अमित सहित विभिन्न फिजिकल एकेडमी के संचालक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने विश्वास जताया कि यह मैराथन छात्रों और युवाओं के अधिकारों की आवाज़ को नई मजबूती देने के साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी प्रसारित करेगी।








Total views : 96667