छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति में परिणत करने का आंदोलन है एबीवीपी: स्मिता झा
भारत की सभ्यता और संस्कार को संजोए रखने का नाम है विद्यार्थी परिषद: डॉ. सुरेश राय
बेगूसराय। 9 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस के अवसर पर बेगूसराय नगर इकाई की ओर से जी.डी. कॉलेज परिसर में भव्य ‘कला कुंभ प्रतियोगिता‘ के पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में चित्रकला, पोस्टर मेकिंग, रंगोली, संगीत, पारंपरिक परिधान, मेहंदी सहित कला की विभिन्न विधाओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि 30 अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कुल 50 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुरेश राय तथा मुख्य वक्ता अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. स्मिता झा थीं। मंच पर जी.डी. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. भूपेंद्र नारायण, एबीवीपी नगर अध्यक्ष डॉ. प्रकाश कुमार, विभाग संयोजक आलोक कुमार एवं नगर मंत्री सिद्धार्थ कुमार मौजूद रहे।

मुख्य वक्ता डॉ. स्मिता झा ने कहा कि “विद्यार्थी परिषद छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति में परिणत करने का आंदोलन है। कला केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का भी सशक्त साधन है। परिषद विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।”मुख्य अतिथि डॉ. सुरेश राय ने कहा कि “भारत की सभ्यता और संस्कार को संजोए रखने का नाम ही विद्यार्थी परिषद है। ऐसे आयोजन छात्रों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और राष्ट्रभाव को मजबूत करते हैं। परिषद युवाओं में स्वामी विवेकानंद के संस्कारों का संचार करने का कार्य कर रही है, जिसके लिए संगठन के कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं।”

जी.डी. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. भूपेंद्र नारायण ने कहा कि छात्र संगठनों में एबीवीपी की कार्यशैली और कार्यकर्ताओं का आचरण शिक्षा हित में अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि संगठन जिस शैक्षणिक परिवार की संकल्पना पर कार्य करता है, उसका अनुसरण अन्य छात्र संगठनों को भी करना चाहिए।प्रदेश कार्यकारी परिषद के विशेष आमंत्रित सदस्य अजीत चौधरी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद बेगूसराय में लगातार शैक्षणिक समस्याओं के समाधान के लिए मुखर आवाज बनकर कार्य करती रही है। आने वाले समय में जिला अभ्यास वर्ग एवं वृहद सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
विभाग संयोजक आलोक कुमार ने कहा कि विद्यार्थी परिषद ने ऐतिहासिक छात्र आंदोलनों के नेतृत्व से अपनी अलग पहचान बनाई है। इस संगठन से जुड़कर विद्यार्थी स्वयं के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना सीखते हैं।नगर अध्यक्ष डॉ. प्रकाश कुमार ने विद्यार्थियों को एबीवीपी के शैक्षणिक आंदोलनों और कार्यपद्धति की जानकारी दी, जबकि नगर उपाध्यक्ष डॉ. रूपेश कुमार ने अपने संबोधन से छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजीत कुमार, पूर्व कार्यकर्ता सोनू सरकार, दिव्यम कुमार, पूर्व जिला संयोजक कमल कश्यप, प्रांत सोशल मीडिया सह संयोजक मनीष कुमार, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लक्की गौतम, नगर सह मंत्री प्रहलाद कुमार, आलोक कुमार, सूरज कुमार, नीतीश कुमार, जी.डी. कॉलेज इकाई अध्यक्ष अभिषेक कुमार, कोऑपरेटिव कॉलेज अध्यक्ष अभिषेक कुमार, नगर सह मंत्री नैना गुप्ता, संगीता कुमारी, शिवानी कुमारी, सचिन, रामानुज, उज्ज्वल, सुमित, अमित सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कमल कश्यप ने किया।






Total views : 93909