दिव्यांगजनों के अधिकार, स्वास्थ्य, रोजगार और आवास समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा, अधिकारियों ने शीघ्र कार्रवाई का दिया आश्वासन
बलिया (बेगूसराय) 7 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ : दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 की धारा-72 के तहत बलिया अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ADSO लोकेश कुमार ठाकुर ने की। बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी बलिया, डंडारी एवं बलिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी, बिहार एसोसिएशन पर्सन विद डिसेबिलिटी के प्रदेश महासचिव जोशी कुमार, संरक्षक सह अध्यक्ष विनय कुमार श्रीवास्तव, जिला महासचिव मो. आफताब आलम, अनुमंडल अध्यक्ष दीपक कुमार, प्रखंड अध्यक्ष राकेश कुमार एवं संजय कुमार, सचिव मो. मुजाहिर तथा अनुमंडल संयुक्त सचिव शीतेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रदेश महासचिव जोशी कुमार ने कहा कि दिव्यांगजनों के सम्मान, अधिकार, सुरक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। वहीं जिला महासचिव मो. आफताब आलम ने कहा कि नियमित समीक्षा बैठक होने से दिव्यांगजनों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही समाधान हो सकेगा और जिला प्रशासन पर अनावश्यक दबाव भी कम होगा।
9 सूत्री प्रस्ताव में प्रमुख मांगें: बैठक में बलिया अनुमंडल के तीनों प्रखंडों की ओर से 9 सूत्री प्रस्ताव प्रशासन को सौंपा गया। प्रमुख मांगों में प्रत्येक माह BDO की अध्यक्षता में दिव्यांग अधिकार समीक्षा बैठक, अनुमंडल अस्पताल में विशेष मेडिकल शिविर, UDID कार्ड एवं दिव्यांगता प्रमाण-पत्र की सुविधा, कौशल विकास, स्वरोजगार, बैंक ऋण एवं रोजगार के अवसर, भूमिहीन दिव्यांगों को 3–5 डिसमिल बासगीत पर्चा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना में प्राथमिकता, नगर निकाय की दुकानों में 5 प्रतिशत आरक्षण, तथा संबल योजना की बैट्री चालित ट्राईसाइकिल की गुणवत्ता जांच और पुनः आवेदन की अवधि 5 वर्ष से घटाकर 3 वर्ष करने की मांग शामिल रही।बैठक के अंत में उपस्थित अधिकारियों ने सभी प्रस्तावों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।— नेशनल पॉजिटिव न्यूज़







Total views : 93341