बेगूसराय, 5 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जेपी सेनानी संपूर्ण क्रांति मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव एवं शिक्षक नेता अमरेंद्र कुमार सिंह ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रामविलास पासवान की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान से उनका और उनके परिवार का वर्षों पुराना आत्मीय संबंध रहा। उनके पिता शहीद कामरेड सुखदेव सिंह से रामविलास पासवान का विशेष लगाव था। राजनीतिक विचारधाराएं अलग होने के बावजूद दोनों के बीच व्यक्तिगत संबंध हमेशा मधुर और सम्मानपूर्ण रहे।
अमरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जब रामविलास पासवान पहली बार बखरी विधानसभा से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे, तभी से उनके पिता और उनका संपर्क पासवान जी से था। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि वे दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से आत्मीयता और सम्मान के साथ मिलते-जुलते थे।
उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान ने बिहार और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सामाजिक न्याय, गरीबों, वंचितों और पिछड़े वर्गों की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने में उनकी भूमिका सदैव याद रखी जाएगी।अंत में अमरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे महान जननेता को उनकी जयंती पर शत-शत नमन एवं विनम्र श्रद्धांजलि।






Total views : 93048