बेगूसराय। 4 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति के तत्वावधान में जिले में संचालित समेकित स्वास्थ्य शिविरों की समीक्षा बैठक शनिवार को परियोजना कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के कार्यपालक निदेशक ई. कौशलेंद्र कुमार ने की। बैठक में अब तक आयोजित स्वास्थ्य शिविरों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी शिविरों को और प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।
31 स्वास्थ्य शिविरों में 9,181 लोगों की हुई काउंसलिंग व जांच: बैठक में बताया गया कि अब तक जिले में 31 समेकित स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा चुका है। इन शिविरों में 9,181 लोगों की काउंसलिंग, टीबी की 10 एस स्क्रीनिंग, एचआईवी एवं सिफलिस की जांच की गई। जांच के दौरान 5 पीएलएचआईवी (PLHIV) मरीजों की पहचान कर उन्हें उपचार के लिए ART सेंटर से जोड़ा गया।
सिफलिस और हेपेटाइटिस के मरीजों को किया गया रेफर: स्वास्थ्य जांच के दौरान 90 सिफलिस पॉजिटिव मरीजों को आवश्यक दवा उपलब्ध कराते हुए आगे के उपचार के लिए आईसीटीसी (ICTC) रेफर किया गया। वहीं हेपेटाइटिस-बी के 32 तथा हेपेटाइटिस-सी के 16 रिएक्टिव मरीजों को जिला हेपेटाइटिस नियंत्रण केंद्र भेजा गया।
ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर की भी हुई जांच: शिविरों में 1,369 लोगों की ब्लड शुगर तथा 1,738 लोगों की ब्लड प्रेशर जांच की गई। जांच के बाद लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंद मरीजों को दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
विभिन्न विभागों के सहयोग से सफल हो रहा अभियान: बैठक में बताया गया कि इस अभियान को सफल बनाने में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, जीविका, पंचायती राज विभाग सहित विभिन्न हितधारकों का सराहनीय सहयोग मिल रहा है।
टीम के प्रयासों की हुई सराहना: 15 जून से प्रतिदिन दो स्वास्थ्य शिविरों के सफल संचालन में परियोजना प्रबंधक मनीष कुमार, परामर्शी अंबिका कुमारी, एम एंड ई प्रभारी रविंद्र रंजन तथा आउटरीच वर्कर लक्ष्मी, प्रियंका, कविता, रीता, लक्ष्मण और विवेक सहित पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की गई।— नेशनल पॉजिटिव न्यूज़






Total views : 92986