बेटी की शादी में बना पूरा समाज परिवार, टीम साईं की रसोई ने निभाई बड़ी जिम्मेदारी
बेगूसराय। 25 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेटी की शादी हर पिता का सपना होती है, लेकिन आर्थिक अभाव कई बार इस सपने को चुनौती में बदल देता है। ऐसे समय में यदि समाज साथ खड़ा हो जाए तो मुश्किलें आसान हो जाती हैं। बेगूसराय के मोहनपुर में ऐसा ही प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला, जहां टीम साईं की रसोई ने एक जरूरतमंद परिवार की बेटी की शादी में सहयोग कर मानवता और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की।
जनसहयोग से पूरी हुई शादी की तैयारी: लड़की के परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति की जानकारी मिलने पर टीम साईं की रसोई ने समाज के संवेदनशील लोगों को साथ जोड़ते हुए जनसहयोग अभियान चलाया। इस पहल के माध्यम से बेटी की शादी के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे परिवार की बड़ी चिंता दूर हो सकी।
विवाहोपयोगी सामग्री की गई भेंट: संस्था की ओर से बेटी को पांच साड़ियां, तीन सूट, बर्तन सेट, डिनर सेट, हॉट पॉट, बेडशीट, श्रृंगार सामग्री, सैंडल, आयरन, पंखा, मिक्सी, वर के कपड़े, गले का सेट और ट्रॉली सहित कई आवश्यक सामान भेंट किए गए। इसके साथ ही लगभग 150 बारातियों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई, ताकि विवाह समारोह सम्मानपूर्वक संपन्न हो सके।
सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का अवसर: टीम साईं की रसोई के संस्थापक सदस्य अमित जायसवाल ने कहा कि किसी जरूरतमंद बेटी की शादी में सहयोग करना केवल मदद नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों के सहयोग से ही यह नेक कार्य संभव हो पाया है। वहीं संस्था के खाद्य मंत्री पंकज कुमार, रौनक अग्रवाल और सुमित कुमार ने बताया कि टीम साईं की रसोई का उद्देश्य केवल भूखों को भोजन उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर समाज के कमजोर वर्गों के जीवन में खुशियां लाना भी है। वहीं टीम साईं की रसोई के अमित जायसवाल, रौनक अग्रवाल, पंकज कुमार, सुमित कुमार, कन्हैया झा और प्रशांत सहित अन्य सदस्य भी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
मानवता और संवेदनशीलता की जीवंत मिसाल: विदाई की तैयारियों के बीच परिवार के चेहरे पर संतोष और बेटी की आंखों में मुस्कान इस बात का प्रमाण थी कि सच्ची सेवा वही है, जो किसी के जीवन के सबसे महत्वपूर्ण क्षणों को खुशियों से भर दे। टीम साईं की रसोई का यह प्रयास केवल एक बेटी की शादी में सहयोग नहीं, बल्कि समाज में मानवता, सहयोग और संवेदनशीलता की जीवंत मिसाल है।
नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ मानता है कि ऐसे प्रेरणादायक प्रयास समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं और जरूरतमंद परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण बनते हैं।








Total views : 92023