बेगूसराय। 22 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ |
बेगूसराय जिले के चर्चित गैंगरेप मामले को लेकर जन सुराज पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के नेतृत्व में पीड़िता के गांव सिमरिया पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़िता एवं उसके परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली तथा आर्थिक सहायता भी प्रदान की।मुलाकात के बाद प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने घटना को बेहद दुखद और मानवता को शर्मसार करने वाली बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़िता के साथ मार्च महीने में भी दुष्कर्म की घटना हुई थी, लेकिन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने में अनावश्यक देरी की। उनका कहना था कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण आरोपियों का मनोबल बढ़ा और पीड़िता को दोबारा गंभीर अपराध का सामना करना पड़ा।
मनोज भारती ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पीड़िता की मेडिकल जांच और उपचार में गंभीर लापरवाही बरती गई। वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता किशोर कुमार ने घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, स्पीडी ट्रायल चलाकर कठोर सजा देने तथा पीड़िता को 25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार होने के कारण पीड़िता को न्याय पाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।जन सुराज के वरिष्ठ नेता आरएन सिंह ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चिंताजनक है।
उन्होंने राज्य सरकार से पीड़िता को आर्थिक सहायता, रोजगार और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती, किशोर कुमार, आरएन सिंह, सरवर अली, डॉ. रजनीश, गौतम तथा प्रमोद कुमार पाठक सहित कई अन्य नेता मौजूद थे। जन सुराज नेताओं ने कहा कि पार्टी इस मामले को लगातार उठाती रहेगी और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
(नोट: उपरोक्त आरोप जन सुराज पार्टी के नेताओं द्वारा दिए गए बयानों पर आधारित हैं। मामले की जांच एवं कानूनी प्रक्रिया जारी है।)
नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ निष्पक्ष और तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध है।






Total views : 91054