बेगूसराय, 20 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति (एडवा) के चार सदस्यीय राज्य स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को बेगूसराय सदर अस्पताल पहुंचकर कथित गैंगरेप पीड़िता से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में एडवा की बिहार राज्य महासचिव नीलम देवी, बेगूसराय जिला अध्यक्षा एवं राज्य समिति सदस्य रानी सिंह, समस्तीपुर की एडवा नेत्री सुनीता देवी तथा जिला कमिटी सदस्या रीता देवी शामिल थीं।
पीड़िता और परिजनों से ली घटना की जानकारी: प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल में भर्ती पीड़िता एवं उसके परिजनों से मुलाकात कर स्वास्थ्य स्थिति और घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान एडवा नेताओं ने मामले को बेहद गंभीर बताते हुए प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाए।
पूर्व शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप: एडवा की राज्य महासचिव नीलम देवी ने आरोप लगाया कि पीड़िता ने मार्च 2026 में ही छेड़खानी और दुष्कर्म के प्रयास की शिकायत चकिया थाना में की थी। उनके अनुसार, पीड़िता ने कई बार आवेदन देने के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक को भी शिकायत सौंपी थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने के कारण आरोपियों के हौसले बढ़े। उन्होंने कहा कि पीड़िता के अनुसार 11 जून की रात शौच के लिए बाहर जाने के दौरान पांच लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। एफआईआर में तीन आरोपियों को नामजद किया गया है, जबकि दो अन्य अज्ञात बताए गए हैं।
चिकित्सा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल: एडवा नेताओं ने आरोप लगाया कि घटना के बाद पीड़िता को कई बार अस्पताल में भर्ती और डिस्चार्ज किया गया। संगठन का दावा है कि बाद में जांच के दौरान पीड़िता के शरीर से आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद की गईं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई।
दोषियों को फांसी और 20 लाख मुआवजे की मांग: जिला अध्यक्षा रानी सिंह ने घटना को मानवता को शर्मसार करने वाला बताते हुए कहा कि ऐसे अपराध के दोषियों को कठोरतम सजा मिलनी चाहिए। एडवा ने जिला प्रशासन से सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई, दोषियों को फांसी की सजा तथा पीड़िता को 20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है।
उच्चस्तरीय जांच की मांग: प्रतिनिधिमंडल ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया प्रशासनिक और चिकित्सकीय स्तर पर लापरवाही के आरोप सामने आ रहे हैं। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो बेगूसराय सहित पूरे बिहार में आंदोलन चलाया जाएगा और इस मुद्दे को विधानसभा से लेकर संसद तक उठाया जाएगा।






Total views : 90749