बेगूसराय, 20 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ ।
केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री राजभूषण निषाद ने शनिवार को अपने एकदिवसीय बेगूसराय दौरे के दौरान जिला अतिथि गृह में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों और जल शक्ति मंत्रालय के कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ देश के समग्र विकास की नई इबारत लिखी है।
जनकल्याणकारी योजनाओं से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा विकास: प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, जन धन योजना और मुद्रा योजना जैसी योजनाओं ने गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचा है।
आधारभूत संरचना और अर्थव्यवस्था में हुआ व्यापक विस्तार: राजभूषण निषाद ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे, हवाई अड्डों, बंदरगाहों और डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि देश आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
जल जीवन मिशन से ग्रामीण क्षेत्रों में आया बदलाव: जल शक्ति मंत्रालय की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन के माध्यम से करोड़ों ग्रामीण परिवारों तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया गया है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं और बालिकाओं के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने बताया कि अटल भूजल योजना, कैच द रेन अभियान, नमामि गंगे कार्यक्रम, जल शक्ति अभियान और विभिन्न नदी संरक्षण परियोजनाओं के माध्यम से जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण और जल स्रोतों के पुनर्जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं।
बिहार में सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान: केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, बाढ़ नियंत्रण, नदी तट संरक्षण और जल संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए केंद्र सरकार लगातार कार्य कर रही है। किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने और जल उपयोग दक्षता बढ़ाने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
विकसित भारत के संकल्प को दोहराया: अपने संबोधन के अंत में राजभूषण निषाद ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ देश के हर नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनभागीदारी और सुशासन के बल पर भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में और तेजी से आगे बढ़ेगा।
प्रेस वार्ता का संचालन जिला मंत्री एवं मीडिया प्रभारी शुभम कुमार ने किया। इस अवसर पर जिला प्रभारी शशिभूषण उर्फ बबलू, जिला महामंत्री कुंदन भारती, जिला उपाध्यक्ष मृत्युंजय वीरेश, सुमित सनी, जिला मंत्री शुभम कुमार सहित कई भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।







Total views : 90745