बेगूसराय, 3 जून 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर बेगूसराय के हवाई अड्डा मैदान में अस्मिता महिला सिटी रोड साइकिलिंग लीग का सफल आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के मार्गदर्शन में साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार एवं बेगूसराय साइकिलिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों की महिला साइकिलिस्टों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों ने जीते पदक: सब जूनियर वर्ग की 10 किलोमीटर मास्टर्स रेस में अंजलि कुमारी ने प्रथम, सोनम कुमारी ने द्वितीय तथा सिंधी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर वर्ग की 15 किलोमीटर प्रतियोगिता में सुहानी कुमारी प्रथम, सोनम कुमारी द्वितीय और राधा कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।वहीं महिला एलीट वर्ग की 20 किलोमीटर रेस में बबली कुमारी ने पहला स्थान हासिल किया। मीठी कुमारी दूसरे और आशिकी कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं।
विजेताओं को किया गया सम्मानित: प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को जिला कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बेगूसराय के पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी की सराहना की।
ओपन रैली रेस का भी हुआ आयोजन: साइकिलिंग लीग के समापन के बाद विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में ओपन रैली रेस का आयोजन भी किया गया। इस रेस में जिला कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने भी भाग लिया। ओपन रैली रेस में शिवम कुमार ने प्रथम, गोलू कुमार ने द्वितीय तथा अंकित कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
खेल प्रेमियों की रही उपस्थिति: कार्यक्रम में बेगूसराय साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अंकित कुमार, उपाध्यक्ष सुरवीर कुमार, सचिव रवि किशोर, संयुक्त सचिव अमूल मिश्रा, कोषाध्यक्ष अंजलि कुमारी एवं शिवम कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।







Total views : 89024