जिला पदाधिकारी ने की राजमार्ग सुरक्षा टास्कफोर्स की समीक्षा, दुर्घटनाओं में कमी लाने पर जोर
बेगूसराय, 2 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्कफोर्स के कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा के लिए गठित विशेष टीमों द्वारा किए जा रहे निरीक्षण, दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान, यातायात प्रबंधन तथा अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
हाईवे किनारे अवैध निर्माणों पर होगी कार्रवाई: समीक्षा के दौरान राजमार्गों के किनारे बने अवैध अतिक्रमण, अनधिकृत ढाबों, दुकानों और अन्य अवैध संरचनाओं के विरुद्ध चल रही कार्रवाई की प्रगति पर भी चर्चा की गई। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर ऐसे सभी अवैध निर्माणों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए राजमार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखना आवश्यक है। इससे न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी कम होगी।
विशेष टीमों को नियमित निगरानी और कार्रवाई का निर्देश: बैठक में हाईवे सुरक्षा एवं निगरानी के लिए गठित विशेष दलों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने मोटर वाहन निरीक्षक, ईएसआई तथा संबंधित थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।इसके अलावा अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा डीएसपी ट्रैफिक को भी गठित टीमों की सतत निगरानी करने और कार्रवाई की प्रभावशीलता सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रतिदिन देनी होगी कार्रवाई की रिपोर्ट: बैठक में यह निर्णय लिया गया कि गठित टीमों द्वारा प्रतिदिन की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा जारी रखी जाएगी ताकि निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक मनीष, नगर आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।







Total views : 89030