बेगूसराय, 28 मई 2026: नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कंकौल गांव में एक छात्र के अपहरण और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
क्या है पूरा मामला: मुफस्सिल थाना में कंकौल गांव निवासी राम उदय यादव ने आवेदन देकर बताया कि उनका पुत्र विकास कुमार 26 मई को अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने गांव के ही कुछ युवकों पर अपहरण का आरोप लगाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में खुला हत्या का राज: पुलिस द्वारा संदेह के आधार पर मोहित कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि अपहृत विकास कुमार को विकास कुमार नामक दूसरे आरोपी के हवाले किया गया था। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी विकास कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पुरानी दुश्मनी को लेकर विकास कुमार की हत्या कर शव को खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र स्थित पीनगरा गांव के समीप जलकुंभी में फेंक दिया गया था।
खगड़िया से बरामद हुआ शव: गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम खगड़िया पहुंची, जहां जलकुंभी से छात्र का शव बरामद किया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है। घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी: पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। सदर-01 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम कार्रवाई में जुटी हुई है। पुलिस ने बताया कि स्थिति सामान्य है तथा विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है।







Total views : 88233