बेगूसराय, 27 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिले के मंसूरचक थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ हुई घटना मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस कार्यालय, बेगूसराय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मामले की जांच तेजी से जारी है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
सड़क से अगवा कर ले जाने का आरोप: पीड़िता के परिजनों द्वारा 25 मई 2026 को मंसूरचक थाना में आवेदन देकर बताया गया कि 21 मई की सुबह करीब 3 बजे गांव के एक नाबालिग लड़के के साथ सड़क पर जाते समय अज्ञात अल्टो कार सवार दो लोगों ने दोनों को जबरन गाड़ी में बैठा लिया। आरोप है कि भट्ठा चौक के समीप सब्जी मंडी के पीछे खेत में अल्टो कार चालक द्वारा पीड़िता के साथ दुष्कर्म करके घर के पास उसको छोड़ दिया गया।
पुलिस और एफएसएल टीम ने शुरू की जांच: घटना की जानकारी मिलते ही मंसूरचक थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। इसके बाद एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण सदर अस्पताल बेगूसराय में कराया गया।
तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर मामले के मुख्य आरोपी संदीप महतो उर्फ भोला को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईश्वरपुर निवासी संदीप महतो उर्फ भोला, पिता जगदीश महतो के रूप में हुई है। पीड़िता द्वारा आरोपी की पहचान भी की गई है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी: घटना की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक स्वयं घटनास्थल पहुंचे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तेघड़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
कई धाराओं में दर्ज हुआ मामला: मंसूरचक थाना कांड संख्या 82/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कहा है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।— नेशनल पॉजिटिव न्यूज़






Total views : 88081