बेगूसराय, 27 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय सहित पूरे बिहार में बच्चियों के साथ बढ़ रही दुष्कर्म, हत्या एवं अन्य आपराधिक घटनाओं तथा लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में बुधवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से जिला अध्यक्ष मोहित यादव के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से बड़ी संख्या में राजद नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
कैंटीन चौक से निकला विरोध मार्च: राजद कार्यकर्ताओं ने बेगूसराय शहर के कैंटीन चौक से जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता “बच्चियों के साथ हो रहे दुष्कर्म पर रोक लगाओ”, “बलात्कारियों को संरक्षण देना बंद करो” और “नहीं तो इस्तीफा दो” जैसे नारे लगा रहे थे।
मुख्यमंत्री का पुतला दहन: प्रदर्शन के बाद कैंटीन चौक पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया गया। इस दौरान राजद नेताओं ने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार को अपराध नियंत्रण में विफल बताया।
मोहित यादव ने सरकार पर साधा निशाना: प्रेस को संबोधित करते हुए राजद जिला अध्यक्ष मोहित यादव ने कहा कि पटना में छात्रा के साथ छेड़खानी और नीट की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि बेगूसराय के बछवारा प्रखंड के भीखमचक गांव में चार वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म तथा स्टेशन रोड निवासी पूजा कुमारी की हत्या जैसी घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बावजूद अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस कार्रवाई प्रभावी नहीं दिख रही है। मोहित यादव ने कहा कि राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ चुका है और सरकार कानून व्यवस्था संभालने में असफल साबित हो रही है।
महंगाई को लेकर भी जताया आक्रोश: राजद नेताओं ने बढ़ती महंगाई को लेकर भी सरकार को घेरा। वक्ताओं ने कहा कि एलपीजी गैस, पेट्रोल, डीजल, खाद, बीज, शिक्षा, दवा और सिंचाई सहित रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। राशन, तेल, दाल और दूध जैसी आवश्यक वस्तुएं आम लोगों की पहुंच से बाहर होती जा रही हैं।
बड़ी संख्या में शामिल हुए नेता और कार्यकर्ता: कार्यक्रम को जिला प्रवक्ता श्याम प्रसाद दास, महानगर अध्यक्ष शिवजी महतो, सुमन पासवान, त्रिभुवन कुमार सिंह उर्फ पिंटू, बूटन साह, रीना जायसवाल, देवेंद्र प्रसाद यादव, महावीर यादव, पशुपति पासवान, मुखी भगत, रामानंद प्रसाद, सुबोध कुमार चंद्रवंशी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। वहीं कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में राजद कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।







Total views : 88027