बेगूसराय, 27 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिले में उच्च जोखिम समूह, माइग्रेंट श्रमिकों एवं अन्य संवेदनशील वर्गों के लोगों के लिए 152 समेकित स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से एचआईवी, सिफलिस, हेपेटाइटिस बी, हेपेटाइटिस सी सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच की सुविधा पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। आवश्यकता अनुसार मरीजों को दवाओं का वितरण भी किया जाएगा।
30 मई को होगी समर्थित स्वास्थ्य समन्वय समिति की बैठक: शिविरों के सफल संचालन एवं व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी बेगूसराय की अध्यक्षता में 30 मई 2026 को कारगिल विजय सभा भवन में समर्थित स्वास्थ्य समन्वय समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक विभाग के कई महत्वपूर्ण अधिकारी और संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
कई विभागों और संगठनों की होगी भागीदारी: बैठक में सिविल सर्जन, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी आईसीडीएस, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक जीविका तथा एचआईवी नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े सरकारी एवं गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
एचआईवी नियंत्रण के “प्रथम 95 लक्ष्य” पर फोकस: कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एचआईवी नियंत्रण की दिशा में “प्रथम 95 लक्ष्य” को प्राप्त करना है। इसके तहत अधिक से अधिक लोगों की जांच कर संक्रमित व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित की जाएगी ताकि समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग कर रहा आवश्यक तैयारी: शिविरों में जांच किट, आवश्यक दवाओं एवं अन्य चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सुनिश्चित की जा रही है। शिविर आयोजन की जिम्मेदारी बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति को सौंपी गई है।
जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका होगी अहम: कार्यक्रम की सफलता के लिए पंचायती राज प्रतिनिधियों, जीविका दीदी, आंगनबाड़ी सेविका, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य हितधारकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि सामुदायिक सहयोग से ही स्वास्थ्य जागरूकता अभियान को प्रभावी बनाया जा सकता है।







Total views : 87996