बेगूसराय, 26 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं सरकारी योजनाओं की पहुंच गांव-गांव तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा बेगूसराय प्रखंड अंतर्गत खम्हार एवं बंदवार पंचायत में द्वितीय “सहयोग शिविर” का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं और मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं, जिन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

बंदवार पंचायत में 59 आवेदनों का निष्पादन: वंद्वार पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में पूर्व से प्राप्त कुल 59 आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया। वहीं शिविर के दौरान 65 नए आवेदन प्राप्त हुए, जिनके समयबद्ध निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। शिविर से पूर्व खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, योजना एवं विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग तथा सामाजिक कल्याण विभाग से संबंधित सभी लंबित आवेदनों का ऑन-स्पॉट समाधान किया गया।
विभिन्न विभागों के आवेदनों का ऑन-स्पॉट समाधान: बंदवार पंचायत में योजना एवं विकास विभाग से संबंधित 21 आवेदन, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के 10 आवेदन, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के 9 आवेदन तथा सामाजिक कल्याण विभाग के 9 मामलों का निष्पादन किया गया।
खम्हार पंचायत में भी मिला त्वरित लाभ: खम्हार पंचायत में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 57 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 28 आवेदनों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया। इसके अतिरिक्त 37 आवेदनों को ऑनलाइन माध्यम से अपलोड किया गया, जिनमें से 19 मामलों का तुरंत समाधान कर दिया गया जबकि 18 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं। खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग से जुड़े 15 आवेदनों का ऑनलाइन निष्पादन सुनिश्चित किया गया। इसके अलावा शिक्षा, योजना एवं विकास, राजस्व एवं भूमि सुधार तथा ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित मामलों पर भी तेजी से कार्रवाई जारी है।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद: इस अवसर पर नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर, अपर समाहर्ता बृज किशोर चौधरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी रवि शंकर कुमार, अंचल अधिकारी राहुल कुमार सहित सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि भविष्य में आयोजित होने वाले सहयोग शिविरों में बढ़-चढ़कर भाग लें और सरकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक सेवाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त करें।








Total views : 87898