बेगूसराय, 08 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर शुक्रवार को समाहरणालय परिसर, बेगूसराय में जिला प्रशासन एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, बेगूसराय इकाई के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धांजलि, सम्मान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मानव सेवा, करुणा, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सहयोग की भावना को बढ़ावा देना तथा रेड क्रॉस संस्था के मानवीय कार्यों के प्रति लोगों को जागरूक करना था।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने रेड क्रॉस आंदोलन के संस्थापक हेनरी डोनांट के तैलीय चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं रेड क्रॉस सदस्यों ने भी पुष्प अर्पित कर संस्थापक के मानवीय मूल्यों और सेवा भावना को नमन किया।

रेड क्रॉस मानवता और सेवा का प्रतीक : जिलाधिकारी : अपने संबोधन में जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि रेड क्रॉस संस्था विश्वभर में मानवता, निष्पक्षता और सेवा का प्रतीक मानी जाती है। युद्ध, प्राकृतिक आपदा, महामारी अथवा किसी भी संकट की घड़ी में रेड क्रॉस द्वारा जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने का कार्य अत्यंत सराहनीय रहा है।उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सेवा और सहयोग की भावना के साथ आगे आकर जरूरतमंद लोगों की सहायता करनी चाहिए। रक्तदान, स्वास्थ्य जागरूकता, आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार एवं मानवीय सहायता जैसे क्षेत्रों में रेड क्रॉस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

युवाओं से जुड़ने की अपील: जिलाधिकारी ने युवाओं से विशेष रूप से अपील करते हुए कहा कि वे रेड क्रॉस जैसी संस्थाओं से जुड़कर सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करें तथा मानव कल्याण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा समाहरणालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्य सम्मानित: कार्यक्रम में समाजसेवा एवं रेड क्रॉस गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सदस्यों और सहयोगियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित सदस्यों ने इसे मानव सेवा के कार्यों में आगे बढ़ने की प्रेरणा बताते हुए भविष्य में भी सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार, रेड क्रॉस सोसायटी के उपाध्यक्ष डॉ. नलिनी रंजन सिंह, रेड क्रॉस एक्जीक्यूटिव सदस्य डॉ. कांति मोहन सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






Total views : 85132