बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद राज्यपाल की कार्रवाई, ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से किया था इनकार
कोलकाता/नई दिल्ली, 07 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
पश्चिम बंगाल की राजनीति में गुरुवार को बड़ा संवैधानिक और राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। राज्यपाल आर. एन. रवि ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार को प्रभावी रूप से समाप्त करते हुए विधानसभा भंग कर दी। इसके साथ ही राज्य में 15 वर्षों से सत्ता में रही ममता बनर्जी सरकार का कार्यकाल समाप्त हो गया। राज्यपाल द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया कि संविधान के अनुच्छेद 174(2)(b) के तहत पश्चिम बंगाल विधानसभा को 7 मई 2026 से भंग किया जाता है। यह फैसला ऐसे समय में आया जब विधानसभा चुनाव में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलने के बावजूद ममता बनर्जी ने इस्तीफा देने से इनकार कर दिया था।
बीजेपी की ऐतिहासिक जीत: हाल ही में घोषित पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 294 सदस्यीय विधानसभा में लगभग 207 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों तक सिमट गई। यह पहली बार है जब बंगाल में बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह परिणाम बंगाल की राजनीति में एक युगांतकारी बदलाव माना जा रहा है, क्योंकि पिछले डेढ़ दशक से राज्य में TMC का दबदबा रहा था।
ममता बनर्जी ने चुनाव परिणाम को बताया “साजिश”: चुनाव परिणाम आने के बाद ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हार स्वीकार करने से इनकार कर दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव निष्पक्ष नहीं था और निर्वाचन प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है।ममता बनर्जी ने कहा था कि “यह जनता का जनादेश नहीं बल्कि साजिश का परिणाम है।” उन्होंने चुनाव आयोग और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए तथा कहा कि उनकी पार्टी कानूनी और राजनीतिक लड़ाई लड़ेगी।
संवैधानिक संकट जैसे हालात: ममता बनर्जी के इस्तीफा नहीं देने के फैसले के बाद राज्य में संवैधानिक संकट जैसी स्थिति बन गई थी। संविधान विशेषज्ञों का कहना था कि विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने के बाद सरकार स्वतः समाप्त हो जाती है और राज्यपाल को नई सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू करनी होती है। इसके बाद राज्यपाल ने विधानसभा भंग करने की अधिसूचना जारी कर दी। अब भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान होने की संभावना है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बंगाल में सत्ता परिवर्तन राष्ट्रीय राजनीति पर भी बड़ा प्रभाव डाल सकता है, क्योंकि यह बीजेपी के लिए पूर्वी भारत में सबसे बड़ी राजनीतिक सफलता मानी जा रही है।






Total views : 85037