बेगूसराय। 27 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
महंगाई, रोजगार और मजदूरी से जुड़े मुद्दों को लेकर अखिल भारतीय खेत व ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के राज्यव्यापी आह्वान पर शुक्रवार को बेगूसराय में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। भाकपा माले कार्यालय कमलेश्वरी भवन से बैनर, तख्ती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतले के साथ मार्च निकाला गया। मार्च समाहरणालय द्वार पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया, जहां कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका और अपना रोष व्यक्त किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता “दाम बांधो, काम दो”, “काम का उचित दाम दो” और “रोको महंगाई, बांधो दाम, नहीं तो होगा नींद हराम” जैसे नारे लगा रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताते हुए गरीब और मजदूर वर्ग को राहत देने की मांग की।सभा को संबोधित करते हुए खेग्रामस के जिला सचिव चन्द्रदेव वर्मा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार महंगाई नियंत्रित करने और गरीबों को पर्याप्त रोजगार उपलब्ध कराने में विफल रही है। उन्होंने दाल, चीनी, तेल, प्याज और नमक जैसी आवश्यक वस्तुओं को सस्ती दरों पर जनवितरण प्रणाली के माध्यम से गरीबों को उपलब्ध कराने की मांग की।
चन्द्रदेव वर्मा ने कहा कि वीबी ग्रामजी योजना के तहत गरीबों को 200 दिनों का काम और प्रतिदिन 700 रुपये की उचित मजदूरी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि महंगाई के दौर में मजदूरों को सम्मानजनक मजदूरी और रोजगार की गारंटी मिलना जरूरी है। वहीं, भाकपा माले के नगर सचिव राजेश श्रीवास्तव ने भाजपा सरकार पर गरीब विरोधी और अमीरपरस्त होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के खिलाफ गरीब और मेहनतकश लोगों को संगठित होकर जनआंदोलन को तेज करना होगा। प्रदर्शन में कन्हैयालाल साह, गजेन्द्र पंडित, विपेन्द्र पासवान, मो. जमील, मो. अकरम, गंगाराम पासवान और मंटून साह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।





Total views : 102497