बेगूसराय। 29 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में बी.पी. इंटर विद्यालय, बेगूसराय में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न विद्यालयों और खेल क्लबों के अलग-अलग आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय, उप विकास आयुक्त आकाश कुमार, पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा एवं जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार तथा बी.पी. इंटर विद्यालय की प्राचार्या कामिनी कुमारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान अतिथियों ने मेजर ध्यानचंद के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

खेल युवाओं को देता है सकारात्मक दिशा : डीएम खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए डीएम रिची पाण्डेय ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज में एकता, भाईचारा, अनुशासन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देता है। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बेगूसराय के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और बिहार का नाम रोशन करें। डीएम ने पंचायत स्तर पर निर्मित खेल मैदानों का सर्वे कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शारीरिक शिक्षकों और विभिन्न खेल संघों के सहयोग से ग्रामीण स्तर से जिला स्तर तक खेल गतिविधियों को मजबूत किया जाएगा तथा प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ युवा नशे और अन्य नकारात्मक गतिविधियों की ओर भटक रहे हैं। ऐसे युवाओं को खेल से जोड़कर सकारात्मक दिशा देने की जरूरत है। खेल के माध्यम से युवा ऊर्जा का सदुपयोग किया जा सकता है और यही युवा भविष्य में जिले एवं राज्य का नाम रोशन करेंगे।

एसपी बोले- प्रतिदिन एक घंटा खेल के लिए निकालेंगे: पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने खेल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि वे प्रतिदिन एक घंटा खेल के लिए समय निकालेंगे। उन्होंने समाज के लोगों को भी खेल और शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूक करने की अपील की। जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह ने मेजर ध्यानचंद के जीवन को युवाओं और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि खेल व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत बनाता है। इससे अनुशासन, धैर्य और टीम भावना का विकास होता है।

इन टीमों ने दर्ज की जीत: राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।वॉलीबॉल बालिका वर्ग: बी.पी. उच्च विद्यालय ने ज्ञानभारती विद्यालय को 2-0 से हराया।
हैंडबॉल बालक वर्ग: टाउनशिप हैंडबॉल क्लब ने बी.आर.डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल, बरौनी रिफाइनरी को 10-08 से पराजित किया।
हॉकी बालिका वर्ग: महात्मा गांधी उच्च विद्यालय ने परियोजना बालिका, बदलपुरा को 2-1 से हराया।
फुटबॉल बालक वर्ग: सरदार पटेल क्लब, बेगूसराय ने मटिहानी फुटबॉल क्लब को पेनाल्टी शूटआउट में 4-2 से पराजित किया।
समापन अवसर पर डीएम रिची पाण्डेय ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को कप प्रदान कर सम्मानित किया। आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शारीरिक शिक्षकों को उप विकास आयुक्त आकाश कुमार द्वारा मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
30 अगस्त तक चलेगा ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान: राष्ट्रीय खेल दिवस के साथ जिले में व्यापक स्तर पर खेल गतिविधियों के आयोजन की अपील की गई है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के फिट इंडिया अभियान के तहत 28 से 30 अगस्त 2026 तक सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस दौरान “एक घंटा खेल के मैदान में” संदेश के साथ छात्र-छात्राओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने का निर्देश दिया गया है। कार्यक्रम में जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार सहित बड़ी संख्या में शारीरिक शिक्षक, खेल प्रेमी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।







Total views : 102566