बेगूसराय, 06 अप्रैल 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
श्री कृष्ण महिला महाविद्यालय, बेगूसराय में व्याप्त शैक्षणिक अव्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) की छात्राओं ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्राओं ने प्राचार्य कक्ष का घेराव कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जुलूस निकालकर प्राचार्य को घेरा: प्रदर्शन से पहले छात्राओं का जत्था सानिया परवीन और ऋतु कुमारी के नेतृत्व में अबुल कलाम आजाद स्टेडियम के पास से जुलूस की शक्ल में निकला। इसके बाद छात्राएं महाविद्यालय पहुंचकर प्राचार्य विमल कुमार के कक्ष का घेराव कर विरोध जताने लगीं। आक्रोशित छात्राओं ने प्रतीकात्मक विरोध करते हुए कुर्सी हटाकर जमीन पर बैठकर सभा भी आयोजित की।
शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल: सभा को संबोधित करते हुए एआईएसएफ के राष्ट्रीय सचिव अमीन हमजा ने कहा कि संगठन ने लंबे संघर्ष के बाद केजी से पीजी तक छात्राओं के लिए मुफ्त शिक्षा का रास्ता प्रशस्त किया है, लेकिन वर्तमान में शिक्षा व्यवस्था बदहाल हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि महाविद्यालयों में पढ़ाई लगभग ठप हो गई है, जिसके खिलाफ देशव्यापी आंदोलन की जरूरत है।
बुनियादी सुविधाओं की कमी का आरोप: जिला अध्यक्ष अमरेश कुमार ने कहा कि 13 हजार से अधिक छात्राओं वाले इस महाविद्यालय में शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय और नियमित वर्ग संचालन जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि महाविद्यालय में केवल नामांकन और परीक्षा फॉर्म भरवाने का काम हो रहा है, जबकि पढ़ाई नहीं के बराबर है। साथ ही उन्होंने अनियमितताओं और दलालों के सक्रिय होने का भी आरोप लगाया।
तीन दिन में मांगें पूरी करने का आश्वासन: प्रदर्शन के बाद प्राचार्य विमल कुमार ने छात्राओं की मांगों पर तीन दिन के भीतर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद एआईएसएफ की छात्राओं ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर दिया।
बड़ी संख्या में छात्राएं रहीं मौजूद: सभा की अध्यक्षता सौम्या कुमारी ने की। इस दौरान तनुजा परवीन, श्वेता कुमारी, नेहा कुमारी, अंजली कुमारी, पूजा कुमारी, सृष्टि कुमारी, गुलनाज परवीन, अरशी परवीन सहित सैकड़ों छात्राएं उपस्थित रहीं।







Total views : 78558