बेगूसराय | 3 अप्रैल 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
समाहरणालय स्थित कारगिल विजय सभा भवन में शुक्रवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय वस्त्र मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह ने की। इस दौरान पशुपालन मंत्री सुरेंद्र मेहता, विधायक कुंदन सिंह, डीएम श्रीकांत शास्त्री, एसपी मनीष सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
मनरेगा और जीविका योजनाओं में बेहतर प्रदर्शन: बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। मनरेगा के तहत जिले में 1.85 लाख जॉब कार्डधारियों को रोजगार मिल रहा है और 47.86 लाख मानव-दिवस सृजित किए गए, जो लक्ष्य से अधिक है। वहीं जीविका के तहत स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है, जिसमें ऋण वितरण और कम एनपीए दर (0.17%) की सराहना की गई।
कृषि, आवास और जल योजनाओं पर जोर: कृषि, पंचायत, आवास, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर और पारदर्शिता के साथ पहुंचे।
एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था सुधारने के निर्देश: बैठक में एलपीजी गैस आपूर्ति की स्थिति की भी समीक्षा की गई। 2 अप्रैल को 13,459 बुकिंग के मुकाबले 11,606 सिलेंडर की आपूर्ति की गई। मंत्री ने एजेंसियों को निर्देश दिया कि गैस वितरण समय पर सुनिश्चित करें और किसी प्रकार की देरी न हो।
समन्वय और समयबद्ध कार्य पर जोर: सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने का निर्देश दिया।







Total views : 78083