पटना/बेगूसराय | 1 अप्रैल 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
सेंट्रल जोन बीसीए मेंस अंडर-23 टूर्नामेंट में बेगूसराय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली है। बुधवार को पटना के मोइनुल हक स्टेडियम में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बेगूसराय ने भागलपुर को 5 विकेट से हराया। इस जीत में शिवम और युवराज की दमदार बल्लेबाजी निर्णायक साबित हुई।
भागलपुर ने खड़ा किया 248 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य: टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भागलपुर की टीम ने 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 248 रन बनाए। टीम की ओर से ओमप्रकाश ने 60 रन और राकेश ने 51 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। बेगूसराय की ओर से गेंदबाजी में हर्ष, आयुष और पृथ्वी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-2 विकेट हासिल किए।
शिवम का शतक, युवराज का अर्धशतक: 249 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेगूसराय की टीम ने 40वें ओवर में ही 5 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। सलामी बल्लेबाज शिवम ने 109 गेंदों में 114 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। वहीं युवराज ने 78 गेंदों में 80 रन बनाकर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। दोनों बल्लेबाजों की साझेदारी ने मैच को एकतरफा बना दिया।
गेंदबाजी में भी दिखा संघर्ष: भागलपुर की ओर से गेंदबाजी करते हुए शुभम और सचिन ने 2-2 विकेट झटके, लेकिन वे टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सके। बेगूसराय की संतुलित टीम प्रदर्शन ने इस जीत को आसान बना दिया।
शिवम बने ‘मैन ऑफ द मैच’: शानदार शतकीय पारी खेलने वाले बेगूसराय के शिवम को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। उनकी पारी टीम की जीत की सबसे बड़ी वजह बनी।अब सेमीफाइनल में बेगूसराय से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीदें बढ़ गई हैं।





Total views : 77987