बेगूसराय |1 अप्रैल 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) का 21वां जिला सम्मेलन 28 से 30 मार्च तक शहीद दिगंबर सिंह नगर, सनहा पश्चिम खेल मैदान में ऐतिहासिक रूप से संपन्न हुआ। सम्मेलन के अंतिम दिन आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से कामरेड अवधेश कुमार राय को पुनः जिला सचिव (मंत्री) चुना गया। सम्मेलन के दौरान पार्टी नेताओं ने राज्य सरकार और केंद्र की नीतियों पर तीखा हमला बोला तथा संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
मशाल जुलूस और जनसभा ने बनाया माहौल: सम्मेलन की शुरुआत 28 मार्च को जाफर नगर, साहेबपुर कमाल से 127 शहीदों की स्मृति में निकाले गए भव्य मशाल जुलूस से हुई। हजारों मोटरसाइकिलों, जन सेवा दल के जवानों, इप्टा कलाकारों और बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने भाग लिया। पूरा क्षेत्र तोरण द्वारों से सजा हुआ था और गांव दुल्हन की तरह सजाया गया था। सम्मेलन स्थल पर पहुंचकर शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और इसके बाद आम सभा आयोजित हुई।
राष्ट्रीय नेताओं ने केंद्र और विदेश नीति पर उठाए सवाल: जनसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सचिव कामरेड गिरीश चंद्र शर्मा ने कहा कि अमेरिका अपनी साम्राज्यवादी नीतियों के जरिए दुनिया पर युद्ध थोप रहा है। उन्होंने ईरान-इजरायल संघर्ष का उदाहरण देते हुए वैश्विक राजनीति पर चिंता जताई। वहीं, कामरेड रामकृष्ण पांडा ने भारत की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश अमेरिका का “पिछलग्गू” बनता जा रहा है, जो चिंताजनक है।
बेगूसराय में रोजगार और शिक्षा पर उठी आवाज: जिला सचिव अवधेश कुमार राय ने कहा कि औद्योगिक पहचान रखने वाला बेगूसराय आज भी रोजगार के लिए पलायन झेल रहा है। उन्होंने राष्ट्रकवि दिनकर के नाम पर विश्वविद्यालय की मांग को दोहराते हुए सरकार से ठोस पहल की मांग की। पूर्व सांसद शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि आंतरिक एकता को मजबूत करना समय की जरूरत है।
संगठन विस्तार और जन आंदोलन पर जोर: प्रतिनिधि सत्र में नेताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। कामरेड रामकृष्ण पांडा ने कहा कि शाखाओं को सक्रिय करना और नियमित बैठकें सुनिश्चित करना जरूरी है। वहीं, पर्यवेक्षक कामरेड सुरेंद्र सौरभ ने सोशल मीडिया के इस दौर में पार्टी के मजबूत मीडिया सेल की आवश्यकता पर बल दिया।
91 सदस्यीय जिला परिषद का गठन: सम्मेलन के अंतिम सत्र में 91 सदस्यीय जिला परिषद का गठन किया गया। परिषद की पहली बैठक में सर्वसम्मति से अवधेश कुमार राय को जिला सचिव चुना गया। सम्मेलन के दौरान सक्रिय शाखाओं और कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया। अंत में अंतर्राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य सरकार पर बरसे नेता: सम्मेलन के बाद नवनिर्वाचित जिला मंत्री अवधेश कुमार राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, शिक्षा और विकास के मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है।उन्होंने आगामी समय में जन समस्याओं को लेकर व्यापक आंदोलन चलाने की भी घोषणा की।






Total views : 77989